Breaking News
कारगिल के शौर्य से युवाओं को मिली राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा:मैनपुरी में वीरांगनाओं का सम्मान, फिर ब्रजेश चौबे ने संभाली जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वार्षिक बैठक और सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और उनकी वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में ब्रजेश चौबे को पूर्व सैनिक सेवा परिषद का नया जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही ब्रजेश चौबे को पूर्व सैनिक सेवा परिषद का जिलाध्यक्ष बनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोगांव विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री रहे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौबे ने मुख्य अतिथि रामनरेश अग्निहोत्री का फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मुनेश चौहान, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता और प्रांत महासचिव राजेश को भी संगठन की ओर से सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए ब्रजेश चौबे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और देश की सीमाओं की रक्षा की। चौबे ने कहा कि यह दिवस केवल विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि उन अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि रामनरेश अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में इसे सम्मान के साथ देखा जाता है। अग्निहोत्री ने कहा कि देश अपने वीर जवानों और शहीदों के त्याग का हमेशा ऋणी रहेगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी पूर्व सैनिक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में अरविंद चौहान, धीरेन्द्र चौहान, हनुमत सिंह, देवेंद्र मिश्रा, चंद्रपाल सिंह, महेश सिंह सहित संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी, पूर्व सैनिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *