Breaking News
बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचीं डीएम:बाढ़ से बचाव की तैयारी देखी, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार दोपहर करीब 2 बजे सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और बाढ़ विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने गांव वालों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। डीएम ने यह भी कहा कि नावों, राहत शिविरों और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बाढ़ विभाग के अधिकारियों को तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि कटान या जलस्तर में वृद्धि की सूचना मिलते ही बिना देरी किए आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे जान-माल के नुकसान को रोका जा सके। डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील भी की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने चांदपुर कटरिया कैंप कार्यालय का भी दौरा किया और बाढ़ राहत कार्यों में उपयोग होने वाली बोरियों का पर्याप्त भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, एसडीएम सदर हिमांशु कुमार और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *