पीलीभीत में लापता अधेड़ का नदी से शव मिला:परिवार में कहासुनी होने पर घर से निकले थे, SDRF ने 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद शव बरामद किया
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगवां पकड़िया निवासी एक अधेड़ का शव बुधवार शाम देवहा नदी से बरामद किया गया। मृतक मंगलवार देर शाम से घर से लापता था। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय पुलिस ने करीब चार घंटे के संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नौगवां पकड़िया निवासी सूरज श्रीवास्तव (पुत्र अशोक कुमार) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार शाम घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद सूरज अचानक घर से चले गए थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह परिजनों को खोजबीन के दौरान देवहा नदी के किनारे सूरज की चप्पलें मिलीं। नदी में डूबने की आशंका पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। SDRF के गोताखोरों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे सूरज का शव नदी से खोज निकाला गया। शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।सुनगढ़ी थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि SDRF की मदद से शव को नदी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

