ATM से चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार:लखनऊ में हूटर की आवाज सुनकर हुआ था फरार; 1kg गांजा बरामद
लखनऊ में स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर रुपए चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के दौरान पुलिस की गाड़ी का हूटर सुनकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने गश्त के दौरान उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एटीएम तोड़ने के उपकरण, एटीएम का कीबोर्ड, कैमरा, तार और 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। मामला आशियाना थाना क्षेत्र का है। आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस टीमें पुलिस के मुताबिक,10 और 11 नवंबर की रात आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एन स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को अज्ञात चोर ने तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी का हूटर सुनकर आरोपी मौके से भाग निकला। मामले में अरविंद कुमार शुक्ला की तहरीर पर आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं। एटीएम से निकाला था कीबोर्ड, कैमरा और तार इसी क्रम में 11 और 12 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:50 बजे पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुलिस ने संदिग्ध युवक रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के औजार और पाइप के साथ एटीएम से निकाले गए कीबोर्ड, कैमरा और तार बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से 1.10 किलो गांजा भी मिला। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आरोपी की एटीएम चोरी के प्रयास में शामिल होने की पुष्टि हुई। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार उर्फ अभय सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के चपला हुसैनाबाद का रहने वाला है। वर्तमान में लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित कैलाश विहार में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में चोरी और बरामदगी के दो मुकदमे, उन्नाव के सोहरामऊ थाने में एक और पारा थाने में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। आशियाना थाने में भी उसके खिलाफ एटीएम चोरी के प्रयास और गांजा बरामदगी के दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

