11 जुलाई से स्वास्थ्य विभाग चलाएगा दस्तक अभियान:वाराणसी में डेंगू व मलेरिया के प्रति स्वास्थ्यकर्मी करेंगे जागरूक, जिला टास्क फोर्स ने बनाई कार्ययोजना

जनपद में संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया जैसे मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण और कार्रवाई के लिए दस्तक अभियान चलाया जाएगा। 11 जुलाई से 31 जुलाई तक यह अभियान चलेगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। जिलधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से डेंगू, मलेरिया, टीबी, फाइलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान पूरे जुलाई माह संचालित किया जाएगा। समस्त विभागों के सामंजस्य से ही इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। डेंगू की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सहित समस्त सहयोगी विभागों को ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय से साफ-सफाई का कार्य, लार्वी साइडल स्प्रे, फॉगिंग, खराब इंडिया मार्क-2 हैंडपंप की मरम्मत एवं उथले हैंडपंपों के चिन्हीकरण, नालियों एवं तालाबों की साफ-सफाई कराया जाए। जिलाधिकारी ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी व नगर निगम को निर्देशित किया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार का कार्य कराया जाए। नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी झोपड़ी व स्लम एरिया क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाए। सीएमओ डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही टीबी, कुष्ठ, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिह्नित करने पर जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *