शाहजहांपुर में घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला:पुरानी रंजिश में पति-पत्नी और बेटा घायल, एफआईआर दर्ज
शाहजहांपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला किया गया। दबंगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी और उनके बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वे घायल हो गए। यह घटना थाना पुवायां क्षेत्र के मोहल्ला आनंद वाटिका में सोमवार सुबह करीब सात बजे हुई। पीड़ित देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे का दूसरे गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते कुछ दिन पहले भी कहासुनी हुई थी। सोमवार सुबह हमलावरों ने उनके घर में घुसकर पहले देवेंद्र सिंह के साथ मारपीट की। जब उनकी पत्नी बचाने आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद हमलावरों ने उनके बेटे को भी पीटा। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हमलावरों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और फिर वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। घटना के बाद घायल अवस्था में तीनों पीड़ित थाने पहुंचे। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी आरके रावत ने पुष्टि की कि मारपीट की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

