Breaking News
मूक-बधिर युवक नहर में डूबा, 9 घंटे बाद मिला शव:जौनपुर में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन

जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में मंगलवार को एक मूक-बधिर युवक नहर में नहाते समय डूब गया। नौ घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खुटहन-खेतासराय मार्ग जाम कर दिया था, जिसे शव मिलने के बाद खोला गया। ताजूपुर गांव निवासी 20 वर्षीय राजन गौतम बचपन से ही गूंगा और बहरा था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वह मरहट नहर पुलिया के पास घूम रहा था। गर्मी और उमस के कारण वह नहर में नहाने उतरा, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया और लापता हो गया। राहगीरों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में ओझल हो चुका था। सूचना मिलते ही राजन के पिता राधेश्याम, माता मीरा देवी, दादा हितलाल और छोटा भाई रवि सहित परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की, लेकिन कई घंटों तक कोई सफलता नहीं मिली। नहर विभाग को पानी बंद करने की सूचना दी गई, लेकिन दोपहर तक पानी की आपूर्ति बंद नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नहर का पानी तत्काल बंद कराकर खोज अभियान तेज करने की मांग को लेकर खुटहन-खेतासराय मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। शाम करीब साढ़े चार बजे मुख्य मार्ग से लगभग 500 मीटर दूर नहर में गोताखोरों को राजन का शव मिला। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया और आवागमन सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *