Breaking News
मईल पुलिस ने चार गोवंशीय पशु बरामद किए:दो आरोपी गिरफ्तार, बिहार ले जाने की थी तैयारी

देवरिया जिले की मईल पुलिस ने मंगलवार दोपहर 12 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। इस दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, गोवंश वध में प्रयुक्त होने के संदेह में एक चापड़ और लकड़ी का ठेहा भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ नान्हू राजभर (45) और नीरज कुमार (26) के रूप में हुई है। दोनों नरसिंहडाड़, थाना मईल के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई देवरहवा बाबा तपस्थली (मचान) के पास नदी किनारे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे 8-9 लोगों के एक गिरोह के साथ मिलकर घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ते थे। इसके बाद उन्हें नदी किनारे ले जाकर नाव के माध्यम से बिहार पहुंचाकर बेच देते थे। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और उनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *