Breaking News
जनकपुरी महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय में गूंजी प्रभु श्रीराम की आरती

एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह ने की पूजा-अर्चना

बाबा न्यूज 

आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के केंद्रीय कार्यालय में प्रतिदिन आयोजित होने वाली प्रभु श्रीरामचंद्र जी की संध्या आरती में रविवार को एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव से भगवान श्रीरामचंद्र जी की आरती कर प्रदेश एवं समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
केंद्रीय कार्यालय में आगमन पर जनकपुरी महोत्सव 2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ‘राजू यादव’ ने आजाद भगत सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। तत्पश्चात आयोजन समिति की ओर से उनका अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह ने जनकपुरी महोत्सव के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएँ भी दीं।
इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से अरविन्द शर्मा, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, राणा सुशील सिंह, धर्मेश जैन, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), निमित्त पोरवाल, नरेंद्र शर्मा, लोकेन्द्र कुमार संत, अनुज भारद्वाज, आरती शर्मा, शीतल अग्रवाल, अनिल दीक्षित, राजीव अग्रवाल, अरुण अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने समस्त रामभक्तों से प्रतिदिन आयोजित होने वाली प्रभु श्रीरामचंद्र जी की संध्या आरती में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्म, संस्कृति एवं समाज के इस पावन आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।

टूथब्रश की तर्ज पर अन्य ब्रशों पर भी 5% जीएसटी ली जाए, ओडीओपी के लिए बुलंद हुई उद्योग की आवाज

प्रथम स्थापना दिवस पर उद्योग हितों की प्रमुख मांगों को लेकर बनी रणनीति
एसोसिएशन के प्रथम स्थापना दिवस पर उद्योग हितों के लिए बुलंद हुई आवाज

निर्यात में नई ऊंचाइयां छू रहा आगरा का ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग : राकेश गर्ग

बाबा न्यूज 

आगरा। ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन का प्रथम स्थापना दिवस समारोह फतेहाबाद रोड स्थित ग्रैंड मर्करी होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विशिष्ट अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा का ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग आज वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना चुका है। इस उद्योग ने गुणवत्ता और नवाचार के बल पर चीन के वर्चस्व को चुनौती देते हुए निर्यात के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उद्योगों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह उद्योग रोजगार सृजन और निर्यात वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विशिष्ट अतिथि एवं लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि उद्योग को संगठित स्वरूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। यदि ब्रश एंड क्लीनिंग उद्योग क्लस्टर मॉडल पर कार्य करेगा तो यह केवल आगरा ही नहीं बल्कि पूरे भारत की वैश्विक पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में यह उद्योग मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आगरा के ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में शामिल कराया जा सके।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने उद्योग जगत को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि विभाग उद्योगों की समस्याओं के समाधान और उनके विस्तार के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग आगरा की औद्योगिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार को कर ढांचे में व्यावहारिक सुधार करने होंगे।
संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग आज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) में उद्योग को शामिल करना तथा जियो टैगिंग कराना संस्था की प्रमुख मांगों में शामिल है। इसी उद्देश्य से सोमवार को संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार के मार्गदर्शन में कानपुर में औद्योगिक सचिव से प्रतिनिधिमंडल भेंट करेगा, ताकि उद्योग के विकास और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उद्योग से जुड़े उद्यमियों को मिल सके।
संस्था के सचिव नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि संस्था लंबे समय से केंद्र सरकार से बाथरूम ब्रश के एचएसएन कोड पर जीएसटी की दर 5 प्रतिशत किए जाने की मांग कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से मांग उठाई कि टूथब्रश पर जीएसटी दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने के बाद अब बालों, शेविंग और सफाई में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के ब्रशों पर भी उत्पाद श्रेणी के अनुसार 5 प्रतिशत जीएसटी लागू किया जाए, जिससे उद्योग को समान अवसर मिल सकें और घरेलू निर्माताओं की प्रतिस्पर्धा मजबूत हो। उन्होंने कहा कि इससे एमएसएमई इकाइयों को बड़ा लाभ मिलेगा, उत्पादन और निर्यात दोनों में वृद्धि होगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ताज ट्रेपेजियम ज़ोन (टीटीजेड) में जिन 400 उद्योगों को हाल ही में राहत प्रदान की गई है, उनमें से 13 उद्योग ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स क्षेत्र से जुड़े हैं, जो उद्योग के लिए अत्यंत सुखद और उत्साहवर्धक है।
कार्यक्रम के दौरान सह कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 में संस्था द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर की जानकारी देते हुए सभी उद्यमियों से सहभागिता का आह्वान किया। संस्था की ओर से रक्तदान अभियान के समर्थन में 51,000 रुपए की सहयोग राशि तथा 500 रक्तदान पंजीकरण फॉर्म आगरा व्यापार मंडल को प्रदान किए गए।
समारोह में विशेष रूप से आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, आगरा व्यापार मंडल के राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता सहित संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश आहूजा, शैलेंद्र गुप्ता, सह सचिव राजेश कुमार गर्ग, कुशाग्र जैन आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितिन कुमार अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं लव कपूर ने संयुक्त रूप से किया।

देवशयनी एकादशी से चंपत राय की चातुर्मास साधना प्रारंभ:रोज 6 घंटे मौन व्रत रखकर श्रीरामचरित मानस पाठ और श्रीराम मंत्र का जप करेंगे

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव के पद से इस्तीफा देने के बाद चंपत राय ने शनिवार को देवशयनी ण्कादशी से चातुर्मास साधना प्रारंभ किया। वह तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट भवन में ही रहकर चार माह तक इस साधना को पूर्ण करेंगे। इस दौरान वह प्रतिदिन 6 घंटे मौन व्रत रखकर श्रीराम चरित मानस पाठ और श्रीराम मंत्र का जप करेंगे।
यह चातुर्मास देवशयनी एकादशी 25 जुलाई से प्रारंभ होकर 21 नवंबर देवोत्थान एकादशी तक चलेगा। इस साधना के दौरान वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे। वह रामलला की शरण में रहकर मंत्र जाप, रामचरितमानस का नियमित पाठ, तपस्या और सात्विक जीवनचर्या का पालन करेंगे। बताते चले कि चंपत राय सात 7 जून से ही अधिकांश समय राम मंदिर परिसर से सटे रामकोट स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में एकांतवास में रह रहे हैं। बताया जाता है कि वह प्रतिदिन करीब 4 घंटे साधना करते हैं, सुबह राम मंत्र का जाप और रामचरित मानस का पाठ करते हैं। जबकि शाम के समय सीमित लोगों से ही मुलाकात करते रहे है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार चातुर्मास में रहकर जप, तप, दान, व्रत और भगवान की आराधना करने की परंपरा है। माना जाता है कि इससे व्यक्ति अपने दोषों का परिमार्जन, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का प्रयास करता है। चंपत राय का यह निर्णय ऐसे समय आया है, जब राम मंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर उन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और मामले की जांच विशेष जांच दल व पुलिस कर रही है। वहीं, उनके अयोध्या में चातुर्मास करने के संकल्प से तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।

मेरठ में रालोद महिला प्रकोष्ठ का कार्यकर्ता सम्मेलन:महिला सशक्तिकरण पर जोर के साथ बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) महिला प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को मेरठ में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को संगठन से जोड़ना, बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना और महिला कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रालोद की राष्ट्रीय सचिव, पार्लियामेंट बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर ने कहा कि महिलाएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रिसपाल मलिक ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अंजू रानी नेकहा कि महिला प्रकोष्ठ गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करेगा तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे।सम्मेलन के दौरान महिला प्रकोष्ठ की क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्राणी त्यागी ने संगठन विस्तार के तहत राजबाला को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और मरियम शाह जिलानी को क्षेत्रीय महासचिव पद का मनोनयन पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर नए सदस्यों को जोड़ने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेज से बनवाया डबल पासपोर्ट:आरोपी को किया गया गिरफ्तार, जन्मतिथि और पिता का नाम बदलकर डॉक्यूमेंट से छेड़छाड़

आजमगढ़ के गंभीरपुर थाने की पुलिस ने फर्जी डॉक्यूमेंट लगाकर डबल पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिले के कई थाना क्षेत्र में लगातार डबल पासपोर्ट बनवाए जाने के मामले सामने आए। ऐसे में जिले की पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर बनवाया पासपोर्ट
इस मामले में सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार की तहरीर पर पासपोर्ट धारक मोहम्मद तारीख जो की गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावा का रहने वाला है। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया और मामले की विवेचना की गई। पुलिस की विवेचना में जब डबल पासपोर्ट बनवाए जाने का मामला सही पाया गया उसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में आरोपी मोहम्मद तारीख को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है जहां से जेल रवाना किया जाएगा। इस बारे में क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल का कहना कि आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिले में डबल पासपोर्ट बनवाए जाने का या कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं जिनमें कई आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा जा चुका है।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह:लड़कियों ने मारी बाजी, 26 मेधावियों को मिलेगा मंच से स्वर्ण पदक, 17 को मिलेगा दो-दो पदक

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय का 48वां दीक्षांत समारोह मंगलवार 28 जुलाई को होगा। यह समारोह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। जहां कुलाधिपति राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंच से 26 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। कुल 63,060 विद्यार्थियों को सत्र 2025-26 में डिग्री दी जाएगी। ये सभी डिग्रियां एक बार में डिजिटली पब्लिश होंगी। जहां से स्टूडेंट फौरन उसे अपने एडमिट कार्ड और डिटेल से डाऊनलोड कर सकेंगे। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। कुल रिजल्ट में 77 परसेंट फीमेल स्टूडेंट पास हुई हैं। दीक्षान्त समारोह में मंच से 26 विद्यार्थियों (छात्रा 20 एवं छात्र 06) को कुल 43 स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। जिसमें ग्रेजुएशन के 08 (सभी छात्राएं- 05 विश्वविद्यालय एवं 03 सम्बद्ध महाविद्यालय से) और पोस्ट ग्रेजुएशन के 16 (05 छात्र एवं 11 छात्राए) विद्यार्थी और दो उत्कृष्ट खिलाड़ी- सुमित कुमार भारती व अंजलि कुमारी शामिल हैं। कुलपति ने बताया कि दीक्षान्त समारोह में कुल 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। नई शिक्षा निति हुई है लागू विश्वविद्यालय में मंगलवार को होने वाले दीक्षांत समरोह के संबंध में कुलपति प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी ने बताया – हमारा 48वां दीक्षांत समारोह मंगलवार 28 जुलाई रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा। ये महत्वपूर्ण इस सेन्स में है की हम लोगों ने पहली बार कई चीजें नई की है। नयी शिक्षा नीति में जो चार साल के डिग्री प्रोग्राम की बात है। वो हम लोगों ने इस बार शुरू किया है। मल्टी इंट्री और मल्टी एग्ज़िट भी हम लोगों ने जारी किया है। इस दीक्षांत के समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में शिपिंग कार्पोरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन कैप्टन वीके त्यागी रहेंगे। इसके अलावा अति विशिष्ठ अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी मौजूद रहेंगी। तेलंगाना के उद्यमी को मिलेगी डी-लिट् की मानद उपाधि कुलपति ने कहा कि इस बार लीक से हटकर काशी विद्यापीठ अपने दीक्षांत समारोह एक उद्यमी को डी-लिट की मानद उपाधि देंगे। क्योंकि ये युग जॉब सीकर नहीं जॉब प्रोवाइडर बनने का है। इसके लिए हमने तेलंगाने के रहने वाले वाई श्रीधर राव हैं। ये तेलंगाना में बिजनेस करते हैं। ये ग्रामीण प्रवेश से हैं उसके बावजूद इन्होने हथकरघे को मोर्डनाइज्ड किया है। सभी फैब्रिक को वो बनाते हैं। इस बार 53 मेधावियों को मेडल कुलपति आनंद कुमार त्यागी ने बताया – इस बार 82 मेडल कुल 53 विद्यार्थियों को मिलेंगे। जिसमें मेल 13 और फीमेल 40 हैं। इसके साथ ही साथ कुल 63,060 उपाधियां इस बार दी जा रही हैं। जिसमें से 49,659 उपाधियां ग्रेजुएशन की हैं। और 13,401 पोस्ट ग्रेजुएशन की हैं। इसके साथ ही साथ 123 पीएचडी की उपाधियां दी जा रही हैं। टोटल मेल 22,129 मेल स्टूडेंट हैं और 40,931 फीमेल स्टूडेंट हैं। मंच से सिर्फ 26 मेधावियों को पदक दिया जाएगा। जिसमें 24 स्टूडेंट और दो उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं।

रामपुर में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार, कालाबाजारी पर होगी FIR:27 जुलाई को आएगी नई डीएपी रैक, मोबाइल ऐप से हो रही पारदर्शी बिक्री

रामपुर। खरीफ सीजन के बीच रामपुर जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने किसानों को खाद की कोई कमी नहीं होने का भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, ओवररेटिंग या खाद के साथ अन्य उत्पाद जबरन बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है खाद जिला कृषि अधिकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में 12,760 मीट्रिक टन यूरिया (करीब 2.83 लाख बैग), 1,675 मीट्रिक टन डीएपी और 5,992 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इफको की 1,281 मीट्रिक टन डीएपी की रैक पहले ही पहुंच चुकी है, जबकि 27 जुलाई को कृभको की 1,980.7 मीट्रिक टन डीएपी की नई रैक भी जनपद में पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि जुलाई माह के लिए निर्धारित यूरिया का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। उर्वरकों की बिक्री में पारदर्शिता लाने के लिए ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ मोबाइल ऐप के माध्यम से वितरण किया जा रहा है। अब तक जिले के 1.75 लाख से अधिक किसानों ने इस ऐप के जरिए 24,346 मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक खरीदा है, जिससे खाद वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुगम बनी है। विक्रेताओं को सख्त निर्देश जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने सभी खाद विक्रेताओं और सहकारी समितियों को सरकारी निर्धारित दरों पर ही उर्वरक बेचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रात में बिक्री, अधिक कीमत वसूलने या खाद के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए किसानों पर दबाव बनाने जैसी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर किसानों की सुविधा के लिए कृषि विभाग ने 7839882763 और 9458846182 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।