रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम ने एडमिन टीम को 3-0 से हराया:राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ वॉलीबॉल मुकाबला, डीआरएम ने किया शुभारंभ
बरेली के इज्जतनगर मंडल स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को वॉलीबॉल मुकाबला हुआ। रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने एडमिन टीम को सीधे तीन सेटों में 3-0 से हराकर मुकाबला जीत लिया। प्रतियोगिता मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने किया शुभारंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और मैच की शुरुआत कराई। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। स्टेडियम टीम ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल के दम पर तीनों सेट अपने नाम किए। एडमिन टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने रेलकर्मियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ाधिकारी, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

