Breaking News
छठ पूजा पर अम्बेडकरनगर में भारी वाहनों की आवाजाही रुकेगी:15 नवंबर सुबह 9 बजे से 16 नवंबर रात 9 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन

अम्बेडकरनगर में छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अकबरपुर में यातायात के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। 15 नवंबर सुबह 9 बजे से 16 नवंबर रात 9 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। 15 नवंबर शाम 4 बजे से पुरानी तहसील तिराहे की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को भी रोका जाएगा। छठ पूजा के लिए जलाशयों और नदियों तक जाने वाले वाहनों को छूट रहेगी। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर यातायात सेल ने यह व्यवस्था की है। आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर और श्रवण क्षेत्र होते हुए अन्नावा से जाएंगे। वापसी भी इसी रास्ते से होगी। बस्ती और टांडा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से बाईपास की ओर भेजा जाएगा। मालीपुर रोड, जलालपुर रोड, बसखारी रोड, टांडा रोड, दोस्तपुर रोड और अन्नावा तिराहे समेत कई जगहों पर डायवर्जन रहेगा। हल्के वाहनों को भी तय वैकल्पिक रास्तों से जाना होगा। अयोध्या रोड से तहसील की ओर आने वाले वाहनों को बनके गांव मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। बसखारी और टांडा रोड से तहसील की ओर आने वाले वाहनों को पटेल तिराहे से वापस भेजा जाएगा। मालीपुर रोड से शहजादपुर जाने वाले वाहनों को शहजादपुर चौकी से डायवर्ट किया जाएगा। टांडा में कश्मिरिया, चिंतौरा तिराहा, इनामीपुर पुल और सम्हरिया चौराहे पर भारी वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। बसखारी क्षेत्र में हरैया और डोडो चौराहे पर, जबकि जलालपुर क्षेत्र में ब्रह्मलोक मंदिर और हाथी पार्क मोड़ पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। पुलिस ने बाजार में खरीदारी कलिए आने वाले लोगों से तय पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील की है। यातायात पुलिस ने छठ पूजा की खरीदारी के दौरान बाजार में जाम से बचने के लिए नागरिकों से यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग करने की अपील की है। फव्वारा की ओर से चौक में जाने वाले वाहन फव्वारा पर तथा शहजादपुर चौकी की ओर से आने वाले वाहन चौकी पर पार्क करके बाजार में खरीदारी करें। पुलिस ने यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करने और एंबुलेंस व आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *