Breaking News
बाराबंकी में बिजली विभाग ने लगाया कैंप:बिल जमा, गलत बिलों में सुधार और केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे उपभोक्ता

बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर में शुक्रवार को बिजली विभाग की ओर से कैंप लगाया गया। इसमें कुल 3 लाख 64 हजार 510 रुपए के बकाया बिजली बिलों की वसूली की गई। बकाया जमा नहीं करने पर 22 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। कैंप में उपभोक्ता बिजली बिल जमा करने, गलत बिलों में सुधार कराने और केवाईसी अपडेट कराने पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान किया। इस दौरान 15 उपभोक्ताओं के गलत बिल ठीक किए गए, जबकि चार उपभोक्ताओं की केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट किए गए। उपखंड अधिकारी शोएब जमाल ने बताया कि विभाग की ओर से गांव-गांव में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की।

छठ पूजा पर अम्बेडकरनगर में भारी वाहनों की आवाजाही रुकेगी:15 नवंबर सुबह 9 बजे से 16 नवंबर रात 9 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन

अम्बेडकरनगर में छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अकबरपुर में यातायात के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। 15 नवंबर सुबह 9 बजे से 16 नवंबर रात 9 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। 15 नवंबर शाम 4 बजे से पुरानी तहसील तिराहे की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को भी रोका जाएगा। छठ पूजा के लिए जलाशयों और नदियों तक जाने वाले वाहनों को छूट रहेगी। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर यातायात सेल ने यह व्यवस्था की है। आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर और श्रवण क्षेत्र होते हुए अन्नावा से जाएंगे। वापसी भी इसी रास्ते से होगी। बस्ती और टांडा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से बाईपास की ओर भेजा जाएगा। मालीपुर रोड, जलालपुर रोड, बसखारी रोड, टांडा रोड, दोस्तपुर रोड और अन्नावा तिराहे समेत कई जगहों पर डायवर्जन रहेगा। हल्के वाहनों को भी तय वैकल्पिक रास्तों से जाना होगा। अयोध्या रोड से तहसील की ओर आने वाले वाहनों को बनके गांव मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। बसखारी और टांडा रोड से तहसील की ओर आने वाले वाहनों को पटेल तिराहे से वापस भेजा जाएगा। मालीपुर रोड से शहजादपुर जाने वाले वाहनों को शहजादपुर चौकी से डायवर्ट किया जाएगा। टांडा में कश्मिरिया, चिंतौरा तिराहा, इनामीपुर पुल और सम्हरिया चौराहे पर भारी वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। बसखारी क्षेत्र में हरैया और डोडो चौराहे पर, जबकि जलालपुर क्षेत्र में ब्रह्मलोक मंदिर और हाथी पार्क मोड़ पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। पुलिस ने बाजार में खरीदारी कलिए आने वाले लोगों से तय पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील की है। यातायात पुलिस ने छठ पूजा की खरीदारी के दौरान बाजार में जाम से बचने के लिए नागरिकों से यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग करने की अपील की है। फव्वारा की ओर से चौक में जाने वाले वाहन फव्वारा पर तथा शहजादपुर चौकी की ओर से आने वाले वाहन चौकी पर पार्क करके बाजार में खरीदारी करें। पुलिस ने यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करने और एंबुलेंस व आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देने की अपील की है।

फार्मासिस्टों ने CMO कार्यालय पर दिया धरना:बोले- समाधान नहीं हुआ तो 20 नवंबर को लखनऊ में करेंगे प्रदर्शन, हड़ताल का भी ऐलान

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसमें जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), जिला अस्पताल और महिला अस्पताल समेत विभिन्न सरकारी अस्पतालों में कार्यरत फार्मासिस्ट, चीफ फार्मासिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शासन और महानिदेशालय स्तर पर मांगों का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन और हड़ताल की घोषणा भी की जा सकती है। लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं के वितरण से लेकर फार्मेसी संबंधी जिम्मेदारियों तक फार्मासिस्टों की अहम भूमिका है। इसके बावजूद संवर्ग की विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं। शासन और विभागीय अधिकारियों की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। वक्ताओं ने मांगों का जल्द निस्तारण करने की अपील की। मुख्यमंत्री को CMO के माध्यम से भेजा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के दौरान फार्मासिस्टों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इसमें संवर्ग की लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान विभागीय और शासन स्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें बार-बार आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े। 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 20 नवंबर को लखनऊ में महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के कार्यालय के सामने एक दिवसीय प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि इसके बाद धरना स्थल से ही आगामी आंदोलन और हड़ताल की घोषणा की जाएगी। यानी 20 नवंबर का प्रदर्शन मांगों के समाधान के लिए अगला कदम होगा।

एटीएम में नकदी फंसाकर चोरी करने वाले दो युवक गिरफ्तार:फतेहपुर के आरोपियों ने बंगालीपुरा एटीएम में लगाया था कृत्रिम शटर

बांदा के बंगालीपुरा एटीएम में ग्राहकों की नकदी फंसाकर चोरी करने वाले फतेहपुर के दो युवकों को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 5,960 रुपए, बाइक, पांच एटीएम कार्ड और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। मीडिया सेल ने शुक्रवार दोपहर 4 बजे इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार ने 11 नवंबर को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 और 11 नवंबर की रात वह बंगालीपुरा एटीएम से 15 हजार रुपए निकालने गए थे। खाते से रकम कट गई, लेकिन एटीएम से नकदी नहीं निकली।
इसी दौरान एक अन्य ग्राहक ने भी पांच हजार रुपए निकालने पर नकदी नहीं मिलने की शिकायत की। शक होने पर वीरेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को महोखर बाइपास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट यानी नकदी निकलने वाली जगह के कवर को प्लास से नुकसान पहुंचाते थे। इसके बाद टेप और फेवीक्विक की मदद से कृत्रिम शटर लगाकर कवर को दोबारा चिपका देते थे। इससे एटीएम सामान्य दिखाई देता था। ग्राहक के रुपए निकालने पर नकदी कृत्रिम शटर में फंस जाती थी और बाहर नहीं निकलती थी। ग्राहक के जाने के बाद दोनों कवर खोलकर फंसी हुई रकम निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5,960 रुपए, एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड फोन, पांच एटीएम कार्ड, एक प्लास, तीन प्लेट, टेप के तीन बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, बिजली का टेप और एक बैग बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र अशोक और अजय पुत्र रामदास के रूप में हुई है। दोनों फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि आरोपियों ने बांदा के अलावा अन्य किन स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कुशीनगर में छठ पर 16 नवंबर को स्थानीय अवकाश:डीएम संजय चौहान ने आदेश जारी किया; महाष्टमी अवकाश निरस्त

कुशीनगर जिले में सोमवार, 16 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी संजय चौहान ने शुक्रवार शाम 5 बजे इस संबंध में आदेश जारी किया।
आदेश के मुताबिक, 19 दिसंबर 2025 के कार्यालय आदेश से 19 अक्टूबर 2026 को दशहरा-महाष्टमी के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था।
इसके बाद उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव कार्यालय ने 16 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया।
शासन के निर्देश और मैनुअल ऑफ गवर्नमेंट ऑर्डर्स (संशोधित) 1981 के पैरा-247 (सी) के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए डीएम ने 19 अक्टूबर का महाष्टमी स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया।
इसके बदले सोमवार, 16 नवंबर को छठ पूजा परायण के अवसर पर स्थानीय अवकाश तय किया गया है।