भ्रष्टाचार और शोषण के मुद्दे पर भाकियू की हुंकार:बिजली विभाग, पुलिस और राजस्व अधिकारियों पर गंभीर आरोप

भारतीय किसान यूनियन के जिला कार्यालय पर रविवार को संगठन की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने की, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में किसान हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक की शुरुआत हाल ही में आयोजित किसान चिंतन शिविर की सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव से हुई। इसके बाद जिले की तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार, पुलिस थानों और चौकियों पर किसानों के कथित शोषण, बिजली विभाग की अनियमितताओं और किसानों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रिश्वत मांगने जैसे मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने कहा कि किसान लगातार विभिन्न सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर किसानों से छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा वाहन चेकिंग के नाम पर संगठन से जुड़े लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाते हैं और किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं होता है तो भारतीय किसान यूनियन जिलेभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निर्णायक आंदोलन भी किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को एकत्र करेगा और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाएगा, ताकि किसानों को न्याय मिल सके। बैठक में गुलशन चौधरी, संजय त्यागी, अनुज राठी, रमेश मलिक, मुनाजिर पहलवान, पप्पू त्यागी, हैप्पी बालियान, देव अहलावत, परमजीत खेड़ी, मनीष प्रधान, मनीष अहलावत, रणधौल राठी, योगेश बालियान, सतीश रायल, नरेश पुंडीर, संजीव राठी, ललित त्यागी सहित जिले के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमित पचंडा ने किया, जबकि जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र कुमार का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *