Breaking News
सहारनपुर नगर निगम जनसुनवाई में सिर्फ 4 शिकायतें आईं:एक का मौके पर समाधान, बाकी पर जांच के दिए गए निर्देश

सहारनपुर में लगातार बारिश के कारण मंगलवार को नगर निगम की जनसुनवाई में फरियादियों की संख्या कम रही। दोपहर 3 बजे तक केवल चार शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से एक शिकायत का अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान वार्ड-07, रांघड़ों का पुल निवासी अहमद खां ने अपने क्षेत्र में साफ-सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। अपर नगरायुक्त ने इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई मित्रों की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचकर सफाई अभियान चलाया और शिकायत का तुरंत समाधान कर दिया। इसी वार्ड के सलीम अहमद ने अंबाला रोड स्थित गुरु नानकदेव मार्किट के बाहर ट्रक और कारों के टायरों से अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हो रही है। इस पर अपर नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अन्य शिकायतों में वार्ड-66, नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ ने खराब पड़ी एलईडी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग की। वहीं, वार्ड-32, खान आलमपुरा निवासी दानिश ने अब्दुल वाली गली में क्षतिग्रस्त पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के लिए प्रार्थना पत्र दिया। अपर नगरायुक्त ने दोनों शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण जनसुनवाई में लोगों की उपस्थिति कम रही, लेकिन प्राप्त सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर निगम ने नागरिकों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *