Breaking News
प्रभारी मंत्री ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक:भदोही में बोले- बारिश से खराब सड़कें तुरंत हों दुरुस्त, स्वच्छता पर अधिकारियों को निर्देश

भदोही के प्रभारी मंत्री और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बरसात के मौसम, कांवड़ यात्रा की तैयारियों, विकास कार्यों और जन सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर जिले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बरसात के दौरान आमजन को होने वाली समस्याओं, श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा और जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश बैठक में प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों से भी कहा कि पाइपलाइन बिछाने के कारण खराब हुई सड़कों का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। जलभराव रोकने और सफाई व्यवस्था पर जोर मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर रखी जाए, जिससे बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगर निकायों और जिला पंचायत राज विभाग को सफाई व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और आवश्यक दवाओं के प्रयोग पर जोर दिया। कांवड़ मार्गों पर रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर बिजली के तारों और पोलों का निरीक्षण कर आवश्यक इंसुलेशन व सुरक्षा कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को भी कहा गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भाष्कर (औराई), विधायक विपुल दूबे (ज्ञानपुर), भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोबिन्द शुल्क समेत जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *