Breaking News
मेयर उमेश गौतम के रक्षाबंधन कार्यक्रम का मामला फिर गरमाया:बरेली में जनसत्ता दल ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग, धरने की चेतावनी

बरेली में 27 अगस्त को बरेली क्लब मैदान में रक्षाबंधन कार्यक्रम में एक महिला की मौत के मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिला महामंत्री सोनू ठाकुर ने शनिवार को प्रशासन को एक शिकायती पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने कार्यक्रम की अनुमति, भीड़ नियंत्रण और चिकित्सा व्यवस्था की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं ली सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में लगभग 20 हजार महिलाएं मौजूद थीं, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, जिसकी पुष्टि संबंधित अधिकारियों से होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। सोनू ठाकुर ने कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था, स्वयंसेवकों, एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता की पर्याप्त उपलब्धता की जांच की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल लोगों को कथित तौर पर टेंपो से अस्पताल ले जाया गया, जिससे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। शिकायती पत्र में मृतका की मौत की परिस्थितियों की गहन जांच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया की समीक्षा और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड तथा इमरजेंसी रजिस्टर को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। अस्पताल की भूमिका को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी जांच की मांग की गई है, हालांकि इन आरोपों की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बल की तैनाती की भी जांच हो इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था, बसों व अन्य वाहनों की उपलब्धता और पुलिस बल की तैनाती की भी जांच की मांग की है। आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों और आयोजकों के बयानों में विरोधाभास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी, आयोजक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *