Breaking News
यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार, युवक की मौत:तीन घायल, ‘हमारे राम’ कार्यक्रम के लिए दिल्ली से मथुरा आ रहे थे

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब एक बजे सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 85 के समीप दिल्ली से मथुरा आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए। चारों युवक मथुरा में होने वाले ‘हमारे राम’ कार्यक्रम के संचालन के लिए आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे के बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के बसंत कुंज निवासी राजेश अपने साथी पीयूष शर्मा, विनय सिंह और दक्ष के साथ सोमवार रात दिल्ली से कार में मथुरा के लिए रवाना हुए थे। मथुरा में आयोजित होने वाले ‘हमारे राम’ कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी के सिलसिले में चारों युवक आ रहे थे। कार पीयूष शर्मा चला रहे थे। बताया गया कि रात करीब एक बजे जब उनकी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 85 के पास पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में राजेश की मौत हो गई, जबकि पीयूष शर्मा, विनय सिंह और दक्ष घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे की सूचना मिलने पर थाना सुरीर के प्रभारी अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सप्रेसवे के बचावकर्मियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, मृतक राजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ‘हमारे राम’ कार्यक्रम में शामिल होने और उसके संचालन के लिए मथुरा आ रहे युवकों के साथ हुए इस हादसे से कार्यक्रम से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *