Breaking News
एटीएम में नकदी फंसाकर चोरी करने वाले दो युवक गिरफ्तार:फतेहपुर के आरोपियों ने बंगालीपुरा एटीएम में लगाया था कृत्रिम शटर

बांदा के बंगालीपुरा एटीएम में ग्राहकों की नकदी फंसाकर चोरी करने वाले फतेहपुर के दो युवकों को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 5,960 रुपए, बाइक, पांच एटीएम कार्ड और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। मीडिया सेल ने शुक्रवार दोपहर 4 बजे इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार ने 11 नवंबर को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 और 11 नवंबर की रात वह बंगालीपुरा एटीएम से 15 हजार रुपए निकालने गए थे। खाते से रकम कट गई, लेकिन एटीएम से नकदी नहीं निकली।
इसी दौरान एक अन्य ग्राहक ने भी पांच हजार रुपए निकालने पर नकदी नहीं मिलने की शिकायत की। शक होने पर वीरेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को महोखर बाइपास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट यानी नकदी निकलने वाली जगह के कवर को प्लास से नुकसान पहुंचाते थे। इसके बाद टेप और फेवीक्विक की मदद से कृत्रिम शटर लगाकर कवर को दोबारा चिपका देते थे। इससे एटीएम सामान्य दिखाई देता था। ग्राहक के रुपए निकालने पर नकदी कृत्रिम शटर में फंस जाती थी और बाहर नहीं निकलती थी। ग्राहक के जाने के बाद दोनों कवर खोलकर फंसी हुई रकम निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5,960 रुपए, एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड फोन, पांच एटीएम कार्ड, एक प्लास, तीन प्लेट, टेप के तीन बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, बिजली का टेप और एक बैग बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र अशोक और अजय पुत्र रामदास के रूप में हुई है। दोनों फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि आरोपियों ने बांदा के अलावा अन्य किन स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *