अलीगढ़ में हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा:दो ग्रामीणों की मौके पर मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

अलीगढ़ के गभाना थाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल पुल के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चण्डौस क्षेत्र के नगला पदम निवासी नवनीत (45) और संतोष कुमार (35) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत पुत्र भानु प्रताप अपने पड़ोसी संतोष कुमार पुत्र रामकिशन के साथ अलीगढ़ से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे महरावल पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नवनीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गभाना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल संतोष को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में पसरा मातम इस दोहरी मौत की खबर जैसे ही चण्डौस के गांव नगला पदम पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक संतोष कुमार गांव में ही जनसेवा केंद्र चलाते थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है। वहीं, दूसरे मृतक नवनीत पेशे से किसान थे, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों ही परिवारों के कमाऊ सदस्यों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *