गंगा दशहरा पर श्री यमुना जी की गोद में विराजे ठाकुरजी, श्रद्धाभाव से मनाया गया नौका विहार उत्सव

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में भक्ति, सेवा और शीतलता के भाव से हुआ मनोरथ

बाबा न्यूज 

आगरा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार नौका विहार उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुरजी को सुसज्जित नौका में विराजमान कर जल कुंड में विहार कराया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और मंगलगान के बीच आयोजित इस मनोरथ के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी द्वारा उत्सव के दौरान वैष्णवों को नौका विहार के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया गया। बताया गया कि पुष्टिमार्ग में नौका विहार उत्सव का मुख्य भाव ठाकुरजी को ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान करना तथा जीव को प्रभु कृपा के माध्यम से संसार रूपी भवसागर से पार लगाने की प्रेरणा देना है। उष्णकाल में ठाकुरजी के सुकोमल स्वरूप को सुख प्रदान करने के लिए जल से भरे कुंड में सुंदर नौका सजाकर यह मनोरथ किया जाता है।
पुष्टिमार्गीय मान्यता के अनुसार इस जल को साक्षात कालिंदी स्वरूपा श्री यमुना जी माना जाता है। नौका में विराजमान होकर विहार करते हुए ठाकुरजी मानो श्री यमुना जी की गोद में क्रीड़ा कर रहे हों। यह मनोरथ भक्त और भगवान के मधुर संबंध, सेवा, प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। साथ ही नौका विहार का संदेश यह भी है कि प्रभु की कृपा रूपी नौका के सहारे ही जीव भवसागर से पार होकर परम आनंद को प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर सत्यव्रत खंडेलवाल, राजकुमार खंडेलवाल, आशीष पचौरी, रानू पचौरी, अमित शर्मा, सरदार सिंह धाकड़, मोहित अग्रवाल, वंशिका गोस्वामी एवं भक्ति गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।

गंगा दशहरा पर धूमधाम से मनाया ॐ मंगला काली मंदिर का वार्षिकोत्सव

 

बाबा न्यूज

आगरा। गंगा दशहरे पर बुधवार को ॐ मंगला काली मंदिर रामबाग (जवाहर पुल के नीचे) पर मंदिर का वार्षिक उत्सव मनाया गया। पदाधिकारी राजेश सिंह राजावत और मुनेश शर्मा ने बताया कि मंदिर को भव्य फूलों से सजाया गया। माँ काली का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु मोहित हो गए। सुबह मंदिर पर सभी श्रद्धालुओं ने हवन किया। माता रानी को पूडी, सब्जी, खीर, हलवा चना, शरबत आदि का भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। रणवीर सिंह, सत्येंद्र सिंह, भोले बाबा, ममता शर्मा, सतीश सिंह, शिवम शर्मा गौरव आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।

ड्यूटी पर काम कर रहे सफाई कर्मचारी पर जानलेवा हमला

 

आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक करबला क्षेत्र के कर्मचारी कार्य से विरत रहेंगे : विनोद इलाहाबादी
बाबा न्यूज
आगरा। मुस्लिम समाज के प्रमुख त्योहार मोहर्रम की वजह से करबला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान के तहत अन्य वार्डों से सफाई कर्मचारी बुलाए गए थे। सुबह मुग़ल रोड सुल्तान गंज की पुलिया पर एक मोटरसाइकिल मैकेनिक अपनी दुकान पर बैठा था। इतने में ही विनोद पुत्र इतवारी निवासी जगनपुर वहां अपने एक अन्य साथी के साथ झाड़ू लगाने लगा। झाड़ू लगने पर वहां धूल उड़ रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल मैकेनिक छोटू ने रौब झाड़ते हुए गाली देकर सफाई कार्य करने से रोकने लगा। सफाई कर्मचारी ने कहा कि यह सरकारी कार्य है। इस बात को लेकर कहा सुनी हो गई। आरोपी छोटू ने अपने भाईयों अजीत, प्रेमपाल, मनोज पुत्रगण लाखन के साथ मिलकर सफाई कर्मचारी को मरणासन्न अवस्था में पहुंचाकर मारपीट की। उसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके ऊपर पानी डालकर ख़ून साफ किया। शोर सुनकर उनके सफाई नायक आलोक कुमार अपने कर्मचारियों को लेकर आए और घायल कर्मचारी को थाना न्यू आगरा ले गये। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी को फोन कर सूचना दी। विनोद इलाहाबादी थाना न्यू आगरा पहुंचे और वहां पूरी जानकारी कर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को दी। कर्मचारियों के थाना पर प्रदर्शन करने के बाद एक आरोपी छोटू को गिरफ्तार किया और मुकदमा दर्ज किया गया। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि आरोपियों का क्षेत्र में सट्टेबाजी जुआ कराने एवं उनके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके बाद भी मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है सरकारी कार्य में बांधा, और कर्मचारी के दो दांत टूट गयें है उनकी भी धाराएं नहीं लगाईं हैं। कर्मचारी नेता सुन्दर बाबू चंचल, रोहित लवानिया, मनीष चौहान, शनी चौहान, मोहन गुलज़ार, हरीबाबू वाल्मीकि, रंजीत सिंह नरवार आदि ने एलान किया कि जब तक अन्य हमला करने वालों कि गिरफ्तारी और सरकारी कार्य में बांधा और दांत तोड़ने की धारा नहीं बढ़ाई तो घटना स्थल क्षेत्र की सफाई कार्य से विरत रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन की होगी। थाना न्यू आगरा पर राजेश चौधरी, विमला भाटिया, अमित सत्यार्थी, संतोष डागोर, मुकुल, कुलदीप गौहर, वरुण देशभक्त आदि कर्मचारी नेता मौजूद थे।

अलीगढ़ में हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा:दो ग्रामीणों की मौके पर मौत, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

अलीगढ़ के गभाना थाना क्षेत्र में हाईवे पर महरावल पुल के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चण्डौस क्षेत्र के नगला पदम निवासी नवनीत (45) और संतोष कुमार (35) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत पुत्र भानु प्रताप अपने पड़ोसी संतोष कुमार पुत्र रामकिशन के साथ अलीगढ़ से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे महरावल पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नवनीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गभाना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल संतोष को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में पसरा मातम इस दोहरी मौत की खबर जैसे ही चण्डौस के गांव नगला पदम पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक संतोष कुमार गांव में ही जनसेवा केंद्र चलाते थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है। वहीं, दूसरे मृतक नवनीत पेशे से किसान थे, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों ही परिवारों के कमाऊ सदस्यों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आगरा में 70 करोड़ के फर्जी GST बिलिंग रैकेट पकड़ा:तीन आरोपी गिरफ्तार, ITC घोटाला कर राजस्व को पहुंचाया जा रहा था नुकसान

आगरा में फर्जी फर्मों के माध्यम से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने वाले एक बड़े जीएसटी फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। लोहामंडी थाना पुलिस, साइबर सेल और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 70 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग रैकेट का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्मों का जीएसटी पंजीकरण कराकर अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन करने का खेल चला रहे थे। राज्य कर विभाग की शिकायत पर वर्ष 2025 में थाना लोहामंडी में अपराध संख्या 223 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ व्यक्तियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर जीएसटी पंजीकरण प्राप्त किया गया और उसके माध्यम से बड़े पैमाने पर फर्जी बिल जारी किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान ओम ट्रेडर्स और श्रीराम ट्रेडर्स नामक फर्मों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि इन फर्मों का इस्तेमाल केवल कागजों पर कारोबार दिखाने और फर्जी इनवॉइस तैयार करने के लिए किया जा रहा था। इनके जरिए विभिन्न व्यापारिक संस्थानों को अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ पहुंचाया जा रहा था। तीन आरोपी गिरफ्तार संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रजत बनर्जी, राहुल और नितिन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल का नेटवर्क जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार करते थे। इन दस्तावेजों के आधार पर वास्तविक व्यापारिक लेन-देन दर्शाया जाता था, जबकि वस्तुतः कोई माल का आवागमन नहीं होता था। इस प्रक्रिया के जरिए अवैध रूप से आईटीसी का लाभ लिया और दिलाया जाता था। मोबाइल, लैपटॉप और फर्जी मोहरें बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप और 10 फर्जी मोहरें बरामद की हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन उपकरणों और मोहरों का उपयोग फर्जी दस्तावेज तैयार करने, फर्मों का संचालन दिखाने और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर करने के लिए किया जाता था। 70 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग के साक्ष्य अब तक की जांच में करीब 70 करोड़ रुपये के फर्जी बिल जनरेट किए जाने के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस और राज्य कर विभाग इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े से सरकारी खजाने को कितना नुकसान हुआ और किन-किन लोगों को इसका लाभ पहुंचाया गया। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी एडीसीपी सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना भी है।

दो साल की बच्ची से रेप, 40 साल की सजा:टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था सगा फूफा, 50 हजार का जुर्माना भी लगा

बुलंदशहर में दो साल के मासूम से दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने दोषी फूफा को 40 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश शगुन पवार की अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अदालत ने आदेश दिया है कि जुर्माने की राशि में से 40 हजार रुपये पीड़ित बच्ची के परिजनों को दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) को भी पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति के तौर पर 3 लाख रुपये का मुआवजा देने का निर्देश दिया गया है। विशेष लोक अभियोजक भरत शर्मा ने बताया कि यह घटना दिसंबर 2024 में जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। हरियाणा के पलवल निवासी आरोपी पीड़िता का सगा फूफा कल्लू था। वह बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने घर से अपने साथ ले गया था। परिजनों ने जान-पहचान के कारण उस पर भरोसा किया, लेकिन आरोपी ने इस भरोसे का दुरुपयोग करते हुए मासूम के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में तत्परता से चार्जशीट दाखिल की और अभियोजन पक्ष ने प्रभावी पैरवी की। अपर सत्र न्यायाधीश शगुन पवार की कोर्ट ने दोषी कल्लू को इस अपराध के लिए सख्त सजा दी।

सहारनपुर में EVM-वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण:राजनीतिक दलों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था परखी गई

सहारनपुर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बुधवार शाम को जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम और वीवीपैट गोदाम का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आंतरिक और सील्ड ईवीएम/वीवीपैट गोदाम का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान गोदाम में रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और सील की स्थिति की जांच की गई। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और सुरक्षित पाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट गोदामों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाता है, ताकि चुनावी प्रक्रिया को लेकर विश्वास और पारदर्शिता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी गोदाम का निरीक्षण किया। इनमें समाजवादी पार्टी से चौधरी अब्दुल गफूर, अपना दल (एस) से जिलाध्यक्ष राजकुमार पंवार, आम आदमी पार्टी से जिलाध्यक्ष संजय कुमार जैन, कांग्रेस से सुधांशु धनगर और पार्षद गौरव कपिल, बहुजन समाज पार्टी से सुनीश प्रधान, भारतीय जनता पार्टी से पवन सिंह राठौर और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से जिला सचिव राव दाउद खां शामिल थे। जिला निर्वाचन अधिकारी चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार लगातार सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की ओर से बताया गया कि गोदामों में सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है। त्रैमासिक निरीक्षण के माध्यम से मशीनों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाती है, जिससे आगामी चुनावों के दौरान किसी भी तरह की समस्या सामने न आए।

जिप-सदस्य ने अध्यक्ष और बेटे पर मारपीट का लगाया आरोप:अध्यक्ष ने कहा- सदस्य ने पैसे मांगने पर धक्का-मुक्की की, पुलिस जांच में जुटी

ललितपुर में जिला पंचायत सदस्य ने जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पुत्र हरिओम निरंजन पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। जिप अध्यक्ष अमर विश्वकर्मा का दावा है कि 20 जून की शाम जिला पंचायत कार्यालय में उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि केवल धक्का-मुक्की हुई थी, मारपीट नहीं। बुधवार को शहर के एक स्थानीय होटल में आयोजित जाखलौन क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा ने बताया कि 20 जून को शाम करीब 5:30 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन ने उन्हें मोबाइल फोन कर जिला पंचायत कार्यालय बुलाया था। उनके अनुसार, वहां अध्यक्ष के पुत्र हरिओम निरंजन, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश लोधी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार खटीक तथा भाजपा नेता अवतार लोधी भी मौजूद थे। अमर विश्वकर्मा का आरोप है कि कार्यालय पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पुत्र ने उनके गले में तौलिये का फंदा डालकर गाली-गलौज की और मारपीट की। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें बचाया। अमर विश्वकर्मा ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने 22 जून को एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके परिजनों से जान का खतरा है। अध्यक्ष ने आरोपों को बताया झूठा दूसरी ओर, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उन्होंने जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा और उनकी पत्नी के नाम से एक जमीन खरीदी थी, जिसके एवज में 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। कैलाश निरंजन का कहना है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे, तो अमर विश्वकर्मा ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी, किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रुपये वापस न करने पड़ें, इसलिए उन पर और उनके पुत्र पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर सुनील भारद्वाज ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य द्वारा शिकायती पत्र दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।