Breaking News
इटावा में एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ की समीक्षा बैठक:सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन, कानून व्यवस्था पर दिए निर्देश

इटावा में अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ शनिवार दोपहर इटावा पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जाए। शाम करीब साढ़े तीन बजे व्यापार संगठन और उसके बाद मीडिया से बातचीत की। एडीजी ने सबसे पहले जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अपराध की स्थिति, पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। समीक्षा के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे प्रेसवार्ता में उन्होंने पुलिस विभाग के कामकाज को संतोषजनक बताया। इसके बाद अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया। एडीजी ने उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान सड़क हादसों को लेकर भी एडीजी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से हर महीने दुर्घटनाओं की समीक्षा की जाती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रात में विशेषकर सुबह तीन से पांच बजे के बीच चालकों को नींद आने की संभावना रहती है, ऐसे समय में चालक आराम करें और वाहन को गलत तरीके से न चलाएं। चालक खुद अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे हादसों में कमी लाई जा सके। बैठक में डीआईजी यमुना प्रसाद, एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण श्रीश चंद, सीओ सिटी अविनाश कुमार सिंह, सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, सीओ चकरनगर अभय नाथ राय सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। कई घंटे चली बैठक के बाद शाम करीब पांच बजे अपर पुलिस महानिदेशक अनुपमा कुलश्रेष्ठ पुलिस लाइन से रवाना हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *