Breaking News
यूपी रोडवेज कर्मचारी संघ बीएम एस के राजकुमार क्षेत्रीय अध्यक्ष, आलोक शर्मा क्षेत्रीय मंत्री बने

 

 

बाबा न्यूज
आगरा।उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ सम्बद्ध (भारतीय मजदूर संघ) आगरा क्षेत्र का क्षेत्रीय कार्यकारिणी का चुनाव आज ईदगाह बस स्टेशन प्रांगण में चुनाव अधिकारी मनोज राठौर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शैलेंद्र सिंह यादव की देखरेख संपन्न हुआ। इसमें राजकुमार क्षेत्रीय अध्यक्ष, आलोक शर्मा क्षेत्रीय मंत्री, नेत्रपाल सिंह कार्यकारी अध्यक्ष, चंद्रेश शर्मा संगठन मंत्री एवं चंद्रवीर सिंह क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष सर्वसम्मति से चुने गये। नवनिर्वाचित पदाधिकारीयों का सभी उपस्थित कार्यकर्ताओ द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। सभी ने हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश भगौर जिला अध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ ने किया। उक्त बैठक में कर्मचारी समस्याओं पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा हुई, जिसमें 2001 तक के सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, संविदा कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने, नियमित कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ता दिए जाने, तकनीकी कर्मचारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, आउटसोर्स कर्मचारी के लिए सेवा नियमावली बनाए जाने, विभाग में परिचालकों की आपूर्ति हेतु सीधे विभाग द्वारा भर्ती किए जाने एवं रिक्त पदों को नियमित भर्ती से भरे जाने, संविदा कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने इत्यादि विषयों पर अविलंब उच्च प्रबंधन से वार्ता कर समाधान कराने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ता आर बी लाल शर्मा, रमाकांत त्यागी, जयप्रकाश शुक्ला जिला मंत्री भारतीय मजदूर संघ, शैलेंद्र लवानिया, अशोक त्यागी, के के पचौरी, राहुल शर्मा, आलोक शर्मा, अजय शर्मा, श्यामवीर सिंह, राजेंद्र चतुर्वेदी, नितिन शर्मा, धीरेंद्र सिंह, कृष्णकांत सिंह, गिरीश चंद्र, शुभम गुप्ता, पुष्प पाल सिंह, अशोक त्यागी, सुरेश पटवा, राजेंद्र सिंह प्रधान, कम्मोद सिंह, गौरीशंकर त्यागी, तारा सिंह, नवल सिंह, विनीत सिंह आदि शाखा अध्यक्ष एवं शाखा मंत्रियों सहित सभी डिपोज से आए लगभग 400 कर्मचारियों ने इस चुनावी सभा में भाग लिया।

CSJMU स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस में सीटें बचीं सीमित:स्नातक, परास्नातक कोर्स में सीधे कैंपस पहुंच कर लें दाखिला

अगर आप छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) से भाषा की पढ़ाई करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए आखिरी और बेहतरीन मौका है। विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस’ ने नए शैक्षणिक सत्र (2026-27) के लिए ग्रेजुएशन (BA) और पोस्ट ग्रेजुएशन (MA) कोर्सेज में एडमिशन के अंतिम चरण का ऐलान कर दिया है। विभाग में अब नाममात्र की सीटें बची हैं। ऐसे में जो छात्र दाखिला लेना चाहते हैं, वे बिना समय गंवाए सीधे यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचकर अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा दाखिला स्कूल ऑफ़ लैंग्वेजेज के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि विभाग में सीटें बेहद सीमित बची हैं। इसे देखते हुए इस बार भाषा संकाय में ‘पहले आओ-पहले पाओ’ (First Come, First Served) की नीति लागू की गई है। एडमिशन के इच्छुक छात्र-छात्राएं किसी भी वर्किंग डे में सीधे यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित ‘स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस’ विभाग में आ सकते हैं। यहाँ वे सीधे अपनी काउंसलिंग करवाकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं। इन कोर्सेज में ले सकते हैं एडमिशन यूनिवर्सिटी के भाषा संकाय में फिलहाल कई मुख्य पाठ्यक्रमों के लिए एडमिशन विंडो खुली हुई है। छात्र पोस्ट ग्रेजुएशन (MA) में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय चुन सकते हैं। वहीं ग्रेजुएशन (BA) में छात्रों के पास BA ऑनर्स (हिंदी, अंग्रेजी) और BA कॉम्बिनेशन के तहत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत के साथ अन्य ह्यूमैनिटीज के विषय चुनने का विकल्प है। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए फ्रेंच और जर्मन जैसी विदेशी भाषाओं के डिप्लोमा कोर्सेज भी उपलब्ध हैं। करियर के खुलेंगे ढेरों विकल्प ‘स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस’ छात्रों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ भाषा विज्ञान और साहित्य के व्यावहारिक पक्षों को भी सिखाता है। आज के दौर में भाषाई एक्सपर्ट्स की मांग तेजी से बढ़ी है। यहाँ से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्र टीचिंग, मीडिया, ट्रांसलेशन, कंटेंट राइटिंग और सिविल सर्विसेज जैसे बड़े क्षेत्रों में अपना शानदार करियर बना रहे हैं। आधुनिक कैंपस और बेहतरीन शैक्षणिक माहौल की वजह से छात्रों के पास भाषा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का यह एक बड़ा अवसर है। छात्रों के लिए जरूरी सलाह
चूंकि सीटें बहुत कम बची हैं, इसलिए देरी करने पर मौका हाथ से निकल सकता है। छात्र अपने सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज जैसे मार्कशीट, सर्टिफिकेट और आईडी प्रूफ लेकर सीधे विभाग से संपर्क करें, ताकि समय पर काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की जा सके और एडमिशन में कोई बाधा न आए।

बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए-गए चंदे का हिसाब दें अखिलेश:डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले- सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण व टेरर फंडिंग का आरोप

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मिर्जापुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब मांगा और विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही मिर्जापुर में विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। शुक्रवार को मिर्जापुर के कोन विकास खंड स्थित पुरजागीर पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाया गया चंदा आखिर कहां गया। सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लगातार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के वित्तपोषण (टेरर फंडिंग) जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विपक्ष को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मौलानाओं की भूमिका पर भी उठाए सवाल बृजेश पाठक ने मस्जिदों के मौलानाओं की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस विषय पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सनातन धर्म पर प्रहार कर हिंदू समाज को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। मिर्जापुर के विकास का भी किया जिक्र राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच उपमुख्यमंत्री ने मिर्जापुर में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि माता विंध्यवासिनी की कृपा से जिले में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और मिर्जापुर सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का उद्देश्य जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इस दौरान नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कानपुर सेंट्रल पर 5 वर्षीय मासूम मां से बिछड़ा:जीआरपी ने 20 मिनट में ढूंढकर मां को सौंपा

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक पांच वर्षीय बच्चा अपनी मां से बिछड़ गया। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 20 मिनट के भीतर बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला और उसकी मां को सौंप दिया। इस घटना से स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के दरवेशाबाद गांव निवासी गीता देवी अपने करीब पांच वर्षीय बेटे के साथ कानपुर सेंट्रल पहुंची थीं। स्टेशन पर भीड़भाड़ के दौरान उनका बेटा अचानक उनसे बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो घबराई मां ने जीआरपी थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पुलिस टीम, क्यूआरटी, प्लेटफॉर्म ड्यूटी और कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। बच्चे के हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर, टिकट घर, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गईं। लगातार तलाश के बाद लगभग 20 मिनट के भीतर बच्चे को प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर सुरक्षित पा लिया गया। जीआरपी कर्मियों ने तुरंत बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उसकी मां बेसब्री से इंतजार कर रही थी। बेटे को देखते ही मां ने उसे गले लगा लिया। मां गीता देवी ने जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित करें।

बड़ी चोरी का खुलासा, 5 शातिर चोर गिरफ्तार:10 लाख के जेवर, नकदी, तमंचे और कार बरामद, चेकिंग के दौरान एसओजी ने दबोचा

सीतापुर में पुलिस ने मछरेहटा क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का शुक्रवार शाम 5:30 बजे पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 10 लाख सोने-चांदी के जेवरात, भारी मात्रा में नकदी, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मिश्रिख बृजेश कुमार के नेतृत्व में थाना मछरेहटा पुलिस व एसओजी टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 1:25 बजे परसदा-शुक्लापुर रोड स्थित गोशाला के पीछे घेराबंदी कर सफेद रंग की कार में सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, लालता, बनवारी, बल्लू और गुड्डू उर्फ खत्रीय के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने 10/11 जून 2026 की रात थाना मछरेहटा के ग्राम भिठौरा में एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और बर्तन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल, करीब 1.98 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के करीब 10 लाख के आभूषण, बर्तन, चोरी में प्रयुक्त सब्बल, रॉड, हथौड़ी तथा दो देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। सीओ मिश्रिख ब्रजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में दो आरोपियों ने हरगांव थाना क्षेत्र में एक जनरल स्टोर में हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी का एक हिस्सा उसी वारदात से जुड़ा है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मेरठ में रोडवेज कंडक्टर पर हमला, हालत गंभीर:4 अज्ञात हमलावरों ने जंगल में घेरा, ‘मास्टर जी को याद रखना’ कहकर भागे

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक रोडवेज संविदा कंडक्टर पर हमला हुआ है। गुरुवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे कंडक्टर को गांव के बाहर जंगल में चार अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे की है। गगोल निवासी प्रदीप, जो रोडवेज में संविदा कंडक्टर हैं, अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि गांव के बाहर वन विभाग के कमरे के पास पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के प्रदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान वे लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे। हमले में प्रदीप के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर जाते-जाते यह कहते हुए फरार हो गए कि ‘मास्टर जी को याद रखना’। अचानक हुए हमले के कारण प्रदीप किसी भी हमलावर की पहचान नहीं कर सके। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रदीप को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायल के भाई ने परतापुर थाने में चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे और अन्य साक्ष्य खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा में नवाचार, समर्पण उत्कृष्टता के लिए डॉ. सुशील गुप्ता को मिला डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन नेशनल अवार्ड–2026

 

बाबा न्यूज
आगरा। प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक, डॉ. सुशील गुप्ता को 18 जून को लखनऊ स्थित वर्ल्ड यूनिटी कन्वेंशन सेंटर में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ द्वारा आयोजित 17वें एड लीडरशिप इंटरनेशनल राउंडटेबल एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन नेशनल अवार्ड्स 2026 समारोह में शिक्षा जगत के प्रतिष्ठित सम्मान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन नेशनल अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया
यह सम्मान डाॅ. गुप्ता का शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, नवाचारपूर्ण सोच, शैक्षिक उत्कृष्टता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, दूरदर्शिता व समर्पण* का परिणाम है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें कोलकाता के आर्मी पब्लिक स्कूल की विख्यात शिक्षाविद् एवं नेशनल अवार्ड विजेता डॉ. सुचित्रा बंद्योपाध्याय द्वारा प्रदान किया गया।