आगरा में बिना अनुमति खोदाई पर सामान जब्त:कमला नगर क्षेत्र में केबल डालने के लिए खोदी जा रही थी सड़क
आगरा में बारिश के मौसम में शहर की सड़कों को सुरक्षित रखने और जलभराव की समस्याओं से बचाने के लिए नगर निगम द्वारा खोदाई कार्य पर लगाई गई रोक का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बुधवार को कमला नगर क्षेत्र में बिना अनुमति के केबल डालने के लिए गड्ढा खोद रहे लोगों पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद खोदाई का सामान जब्त कर लिया तथा खोदे गए गड्ढे को तत्काल भरवा दिया। निरीक्षण के दौरान खुली पोल
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम कमला नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान कर्मयोगी एंक्लेव के निकट कुछ लोग सड़क किनारे गड्ढा खोदकर केबल लाइन डालने का कार्य करते हुए दिखाई दिए। इस पर सहायक नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद लोगों से खोदाई की अनुमति और संबंधित विभाग की स्वीकृति दिखाने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
अनुमति न मिलने पर नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खोदाई में प्रयुक्त तबले, फावड़े सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए। कार्रवाई होते ही मौके पर मौजूद मजदूर अपना सामान छोड़कर भाग निकले। इसके बाद नगर निगम कर्मियों ने सुरक्षा की दृष्टि से खोदे गए गड्ढे को तुरंत भरवा दिया, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम बारिश के मौसम में शहरभर में सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर खोदाई कार्य पर रोक लगा रखी है। इसका उद्देश्य सड़कों को क्षतिग्रस्त होने से बचाना, जलभराव की समस्या को रोकना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी संस्था, एजेंसी या निजी कंपनी द्वारा खोदाई किए जाने पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

