Breaking News
कानपुर में पार्षदों ने खोली विकास कार्यों की पोल:जलभराव, धंसे नाले की उठाई समस्याएं, मेयर बोलीं- देसी शराब की दुकानों पर ताला लगवा दूंगी

कानपुर में विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को जोन-3 के पार्षदों के साथ मेयर प्रमिला पांडेय ने समीक्षा बैठक की। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सफाई व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट, जलभराव, अतिक्रमण, नाला सफाई और पार्कों के रखरखाव समेत अन्य सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें उठाईं। इस दौरान मेयर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जनसमस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में वार्ड-92 के पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने सफाई कर्मियों की कमी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की लापरवाही और संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि मौजूदा सफाई एजेंसियों का अनुबंध समाप्त हो चुका है। नए टेंडर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही नए वेंडर काम संभाल लेंगे। साथ ही हर वार्ड में हाथ कूड़ा गाड़ियों और अन्य संसाधनों की कमी भी दूर की जाएगी। अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि जोन-3 कार्यालय में मार्ग प्रकाश के लाइनमैन 3 बजे के बाद आते हैं। ऐसे में वह कब क्षेत्र में जाएंगे और कब काम करेंगे। इसलिए ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पार्षदों ने जताई नाराजगी पार्षद गिरीश वाजपेयी ने लाइनमैन के समय पर न आने और वाहन न होने का बहाना बनाने की शिकायत की। साथ ही कहा कि क्षेत्र में 72 लाख रुपये से नई सड़क बनी थी, जिस पर केस्को की टीम ने नए खंभे लगाने के लिए खोदाई कर दी। इसके अलावा क्षेत्र के विकास कामों की फाइलें भी नहीं हो रही हैं। इस पर अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार ने बताया कि करीब 5 हजार खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए वेंडर नियुक्त कर दिया गया है। मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा और सभी रिपेयर लाइटें स्टॉक में रखी जाएंगी, ताकि जहां भी खराबी मिले, वहां तत्काल बदली जा सके। शौचालय में अतिक्रमण, जलभराव की समस्या वार्ड 77 के पार्षद अखिलेश वाजपेयी ने कहा कि संकट मोचन मंदिर बर्रा 2 से सचान चौराहे और पूर्णचंद्र स्कूल से सब्जी मंडी तक क्रॉस क्षतिग्रस्त है, जिससे क्षेत्र मे जलभराव हो जाता है। यहां नाला सफाई का काम भी अब तक नहीं हुआ है। सीएम ग्रिड से बर्रा बाईपास से कर्रही की बन रही सड़क में नाला ही बंद कर दिया गया है। इससे सीवर का पानी सड़क पर भरा रहा है। जिस वजह से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 2 सुलभ शौचालयों में अतिक्रमण हो जाने से इनका इस्तेमाल भी नहीं हो पा रहा है। इस पर सीएम ग्रिड प्रभारी/अधिशाषी अभियंता जोन-2 दिवाकर भास्कर ने बताया कि बर्रा बाईपास से कर्रही रोड में मरम्मत का काम कराया जा रहा है। पार्कों के टूटे गेट, जलभराव, ग्रीन बेल्ट में जल निकासी की समस्या वार्ड-80 की पार्षद मधु यादव ने पार्कों के टूटे गेट, जलभराव, ग्रीन बेल्ट में जल निकासी की व्यवस्था न होने और छोटे-छोटे विकास कार्य लंबित होने का मुद्दा उठाया। साथ ही कहा कि उनके क्षेत्र में कई पार्क विकसित किए गए हैं, लेकिन अधिकांश पार्कों के गेट टूट चुके हैं। इस कारण आवारा गाय, कुत्ते और अन्य पशु पार्कों में घुस जाते हैं। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग के कर्मचारियों को कई बार फोन करने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होती। बाकरगंज में धंसे नाले से मकानों को खतरा वार्ड-36 की पार्षद मंजू पाल ने बाकरगंज स्थित जेपी पैलेस के पास धंसे नाले का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि नाला धंसने से आसपास के मकानों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया है और स्थानीय लोग दहशत में हैं। इस पर जोन-3 के अधिशासी अभियंता आर.के. तिवारी ने बताया कि धंसा हुआ नाला करीब 25 फीट गहरा है। फिलहाल लगातार पानी निकाला जा रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नीचे कौन-सी लाइन टूटी है। जैसे ही तकनीकी जांच पूरी होगी, तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। मेट्रो कार्य से प्रभावित हुआ जेडपीएस वार्ड 39 के पार्षद मनीष मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में एक जेडपीएस बना है, लेकिन चालू नहीं है। जिस पर महाप्रबन्धक जलकल आनन्द कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जेडपीएस जेएनयूआरएम योजना के अन्तर्गत बना है, मेट्रो परियोजना के कारण इसकी लाइने क्षतिग्रस्त हो गयी थी, जिसे ठीक करा लिया गया है। इसकी जलापूर्ति वितरण लाइनों मे कोई दिक्कत है, क्यों जलापूर्ति का प्रेशर अत्यधिक है। बिजली बिल बकाया होने के कारण लाइन कट गयी है, जिसे चालू कराकर परीक्षण कराने की कार्यवाही की जा रही है। अतिक्रमण हटाने पर दिया जोर मेयर प्रमिला पांडेय ने मुख्य अभियंता को प्रत्येक जोन में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। देसी शराब की दुकानों के बाहर कचरा नाली में डाल दिया जाता है। इसके खिलाफ अभियान चलाकर ऐसी दुकानों में ताला लगवा दूंगी। साथ ही अधिकारियों को पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने और शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। गलत रिपोर्ट भेजने वालों की जांच कराने के आदेश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने लाइनमैन की कार्यप्रणाली की जांच कराने और रोस्टर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइटों की ज्यादातर शिकायतें आती हैं। जो लाइनमैन देरी से पहुंच रहे हैं उनकी जांच कराई जाएगी। साथ ही नाला सफाई में लापरवाही पर गलत रिपोर्ट भेजने वाले अधिकारियों की जांच कराने के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *