बेनीगंज BJP कार्यालय में सुंदरकांड:आराधना में जुटे कार्यकर्ता; महानगर अध्यक्ष बोले- इससे मिलती है राष्ट्र सेवा की ऊर्जा
गोरखपुर के बेनीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महानगर कार्यालय पर सुंदरकांड पाठ का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ के पूजन-अर्चन और हनुमान जी के आह्वान के साथ पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। सभी ने एक स्वर में बजरंगबली और महादेव से शहर, प्रदेश और पूरे देश की सुख-समृद्धि व जन-कल्याण की प्रार्थना की। संगठन में आती है सकारात्मक ऊर्जा इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सावन का महीना भक्ति, सेवा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “भगवान शिव की कृपा और बजरंगबली के आशीर्वाद से हम सभी कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के मार्ग पर दोगुनी ऊर्जा के साथ काम करेंगे। ऐसे धार्मिक आयोजनों से संगठन में सकारात्मक ऊर्जा और अभूतपूर्व एकता का संचार होता है।” कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इन दिग्गजों की रही मौजूदगी इस पावन अवसर पर भाजपा के कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर डॉ. सत्या पाण्डेय, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदत्त जैन, पिछड़ा आयोग के सदस्य चिरंजीव चौरसिया, महामंत्री मनोज अग्रहरी, समरेंदु सिंह, निवर्तमान महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, रणविजय शाही, स्वेता श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष पवन यादव, रणविजय सिंह मुन्ना, मनीष जैन, महानगर मंत्री प्रेम नाथ शुक्ला सहित कई मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

