कासगंज में 40 जब्त वाहनों की नीलामी:पुलिस को मिला 1.11 लाख रुपए का राजस्व, राजकीय कोष में कराया जमा
कासगंज पुलिस के ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत कोतवाली परिसर में लंबे समय से खड़े 40 जब्त वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई। नीलामी में वाहनों की बिक्री से पुलिस विभाग को कुल 1 लाख 11 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। यह कार्रवाई एसपी कासगंज ओपी सिंह के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। कासगंज आरटीओ की ओर से नीलामी के लिए 40 वाहनों की कुल कीमत 65 हजार रुपए निर्धारित की गई थी। नीलामी के दौरान अलीगढ़ निवासी रविन्द्र पुत्र वीरेंद्र ने सबसे अधिक 1 लाख 11 हजार रुपये की बोली लगाई। सर्वाधिक बोली लगने के बाद 40 वाहनों को उन्हें नीलाम कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, नीलामी से प्राप्त पूरी धनराशि राजकीय कोष में जमा कराई जाएगी। थानों में खाली होगी जगह ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत लंबे समय से विभिन्न मामलों और अन्य कारणों से थानों में खड़े वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य थानों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों से जगह खाली कराने के साथ-साथ नीलामी के माध्यम से सरकारी राजस्व बढ़ाना है। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई नीलामी नीलामी प्रक्रिया के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, नायब तहसीलदार नगर सुमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में नीलामी प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

