Breaking News
औरैया डीएम ने बूढ़ादाना गांव का किया निरीक्षण:प्राचीन शिवालय, अस्पताल व अपशिष्ट प्रबंधन इकाई की व्यवस्था देखी

औरैया में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने ग्राम बूढ़ादाना का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचीन शिवालय, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय और अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने ग्राम बूढ़ादाना स्थित प्राचीन शिवालय का भ्रमण किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि यह शिवालय अत्यंत प्राचीन है और इसका उल्लेख रामायण में भी मिलता है। जिलाधिकारी ने शिवालय के पास स्थित तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए जिला पर्यटन अधिकारी को पर्यटन को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को बताया कि ग्राम पंचायत में आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी फीड गांव के नियंत्रण कक्ष में जाती है, जिससे सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के सभागार का भी निरीक्षण किया और शासन द्वारा प्रदत्त धनराशि के सार्थक उपयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके बाद, जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय का निरीक्षण किया। वार्ड बॉय ने बताया कि चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक नीतू सेठ अवकाश पर हैं, जिसका अवकाश मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से लिया गया है। वर्तमान में प्रतिदिन 10 से 12 लोग उपचार के लिए आते हैं। ग्राम प्रधान ने अवगत कराया कि पहले आसपास के गांवों से प्रतिदिन 60 से 70 व्यक्ति उपचार के लिए आते थे, लेकिन चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण यह संख्या काफी कम हो गई है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने और कृत कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत आर.आर.सी. सेंटर और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भी निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में अपशिष्ट से प्लास्टिक की बोतलें आदि निष्क्षेपित कर उनका निस्तारण किया जाता है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार और ग्राम प्रधान मोहित सिंह सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *