सजेती में 25वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिला:कमरे की चौखट में कुंडी के सहारे लगाई फांसी मौत, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर में सजेती के चिटकिनपुर गांव में गुरुवार शाम एक महिला का शव कमरे की चौखट में लगी कुंडी के सहारे फंदे से लटका मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सजेती थाना क्षेत्र के चिटकिनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय वंदना देवी की शादी वर्ष 2021 में कानपुर देहात के गनहा गांव निवासी लाल सिंह के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, महिला बीते कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार शाम परिजनों ने कमरे में उसका शव चौखट की कुंडी के सहारे फंदे से लटका देखा। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सजेती पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी महिला के ससुराल पक्ष को भी फोन कर दी है। वंदना का तीन साल का बेटा है। महिला के मायके में रहने के दौरान यह घटना हुई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। थाना प्रभारी का बयान सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ महिला का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

