Breaking News
गोरखपुर में रक्षाबंधन का पर्व:महिला यात्रियों ने बांधी राखी, जीआरपी ने लिया की सुरक्षा-सम्मान का संकल्प

गोरखपुर में रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर थाना जीआरपी गोरखपुर द्वारा रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों के बीच एक अनूठा एवं भावनात्मक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक जीआरपी अनुज कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं स्टाफ के साथ मिलकर महिला यात्रियों से राखी बंधवाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ महिला सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता का संदेश दिया। महिला यात्रियों ने बांधी राखी महिला यात्रियों ने जीआरपी पुलिस कर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। इस भावपूर्ण अवसर पर पुलिसकर्मियों ने महिला यात्रियों को यह विश्वास दिलाया कि रेल यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा केवल पुलिस की ड्यूटी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और संकल्प है। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी अनुज कुमार सिंह ने महिला यात्रियों को आश्वस्त किया कि रेलवे स्टेशन, यात्री हाल एवं ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जीआरपी सदैव तत्पर है। किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा अथवा आपात स्थिति में महिला यात्री तत्काल जीआरपी से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला यात्रियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन स्थिति में 112 एवं रेलवे हेल्पलाइन 139 के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। रक्षाबंधन के इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने पुलिस और महिला यात्रियों के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया। जीआरपी गोरखपुर द्वारा यह संदेश दिया गया कि— “राखी का बंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की जिम्मेदारी का संकल्प है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *