डिग्री कॉलेज के निर्माण में देरी पर भड़के नगर आयुक्त:ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश, बोले देरी हुई तो फर्म ब्लैक लिस्ट होगी
नगर निगम लखनऊ के अंतर्गत शहर में चल रहे विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को तीन महत्वपूर्ण स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और लापरवाही पर सख्त निर्देश दिए। धीमी गति पर ठेकेदार को नोटिस निरीक्षण के दौरान जब नगर आयुक्त अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज पहुँचे, तो वहाँ चल रहे निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी मिली। कार्य की इस सुस्ती पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं लाई गई, तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट (डिबार) करने की कड़ी कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरआर वर्कशॉप का निरीक्षण जोन-7 के अंतर्गत बंधा रोड पर बनाए जा रहे नए आरआर वर्कशॉप का नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को परखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तय समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ इस वर्कशॉप का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करवाएं। नगर आयुक्त जोन-6 स्थित कश्मीरी मोहल्ला स्कूल पहुँचे, जहाँ उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विज्ञान और क्राफ्ट के सुंदर मॉडलों की प्रदर्शनी को देखा और बच्चों की सराहना की। इसी दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली और अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे होने चाहिए।इस निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता और मुख्य लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

