Breaking News
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने की महत्वपूर्ण बैठकों में सहभागिता

 

बाबा न्यूज 

आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान भारतीय संसदीय दल के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों में सहभागिता की। इस दौरान भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच विकास सहयोग, वैश्विक साझेदारी तथा विभिन्न देशों में जनकल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से सतत विकास को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

इसी क्रम में सांसद नवीन जैन ने भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष से संबंधित बैठक में सहभागिता की। बैठक में भारत और संयुक्त राष्ट्र के बीच विकास सहयोग को मजबूत करने, वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने तथा विभिन्न देशों में जनकल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से विकास के प्रयासों को गति देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सतत विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और साझा प्रयासों के महत्व पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

सांसद नवीन जैन ने इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विकास साझेदारी और वैश्विक सहयोग की भावना को रेखांकित किया। भारत लंबे समय से मानव कल्याण, समावेशी विकास और विभिन्न देशों के साथ सहयोग के माध्यम से साझा प्रगति के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। भारत का दृष्टिकोण विकास के लाभों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद समुदायों के कल्याण के लिए सहयोगात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।

भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष के माध्यम से विभिन्न देशों में जनकल्याणकारी परियोजनाओं और सतत विकास से जुड़े प्रयासों को सहयोग मिलता है। ऐसे प्रयास अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने और विकास से संबंधित साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान सांसद नवीन जैन जी की इन बैठकों में सहभागिता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास सहयोग, मानव कल्याण और वैश्विक साझेदारी से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान किया। यह सहभागिता विभिन्न देशों के साथ सहयोग के माध्यम से सतत विकास और साझा प्रगति के प्रयासों को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

प्रिल्यूड की संस्थापक शिक्षिका स्व. श्रीमती रूपा प्रकाश की स्मृति में हुआ मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट का आयोजन

 

बाबा न्यूज 

आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक  स्कूल की संस्थापक शिक्षिकाओं में से एक, स्वर्गीय श्रीमती रूपा प्रकाश, जो वर्ष 2020 में इस संसार से विदा हो गईं, की स्मृति में प्रतिवर्ष द रूपा प्रकाश इंटर स्कूल मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट का आयोजन द रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स चैंपियनशिप एवं प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है। इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए इस अंतर्विद्यालयी प्रतियोगिता का आयोजन  किया गया।

प्रतियोगिता में आगरा शहर के 14 विद्यालयों से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के कुल 28 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। गणितीय ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं त्वरित गणना पर आधारित तीन चुनौतीपूर्ण चरणों को पार करते हुए तीन विद्यालयों की टीमों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ₹5,100, ₹3,100 एवं ₹2,100 की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विजेताओं का विवरण निम्नानुसार है—

प्रथम स्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल। द्वितीय स्थान गायत्री पब्लिक स्कूल।तृतीय स्थान सचदेवा मिलेनियम स्कूल।

विद्यालय के रजत जयंती वर्ष को विशेष बनाने के उद्देश्य से इस बार प्रतियोगिता में एक सिल्वर जुबली राउंड भी सम्मिलित किया गया। इस विशेष राउंड का विजेता दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की टीम रही, जिन्हें ₹5,100 की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

इसके अतिरिक्त रूपा जी की स्मृति में प्रतिवर्ष उनके परिवार व विद्यालय द्वारा द रूपा प्रकाश मेमोरियल मेरिट अवार्ड विद्यालय की कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं के तीन-तीन होनहार छात्रों को दिया जाता है, जो गणित विषय व सह-पाठयक्रम गतिविधियों में अपना अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत प्रत्येक छात्र को रु. 11000 की नकद धनराशि (कुल रु. 66000) व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाते हैं।

प्रतियोगिता की संयोजिका डिंपी महेंद्रु ने  कहा कि रूपा प्रकाश जी के व्यक्तित्व की अनेक विशेषताओं में गणित के प्रति उनका जुनून, समर्पण एवं विषय को लेकर उनकी गहरी रुचि विशेष रूप से उल्लेखनीय थी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से रूपा जी की स्मृति को केवल यादों तक सीमित न रखकर ऐसे सार्थक कार्यों के द्वारा जीवंत रखा जाएगा, जो विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में सहायक होंगे।

इस अवसर पर रूपा प्रकाश के पति श्री महाराज त्यागी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि अपने प्रियजनों के देहांत के पश्चात परिवारजन तो उनकी स्मृति में कुछ न कुछ करते ही हैं, परंतु प्रिल्यूड परिवार अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति भी जिस प्रकार सम्मान और आत्मीयता प्रकट करता है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। यह आयोजन दर्शाता है कि विद्यालय के लिए शिक्षक केवल शिक्षण कार्य करने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार के अभिन्न सदस्य हैं, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहता है।

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने  विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए रूपा प्रकाश जी को एक उत्कृष्ट गणित शिक्षिका बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने अथक परिश्रम, समर्पण एवं शिक्षण कौशल से विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने कहा कि गणित का हमारे दैनिक जीवन में विशेष महत्व है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही आकलन, तार्किक सोच और उचित गणना की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आनंद अग्रवाल, राजकुमार सिंह, गौरव अरोड़ा, सज्जन राजपूत, रूपाली शर्मा, खुशबू तुलसानी, आयुष सक्सेना एवं बादल शर्मा का पूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन गौरांगी गर्ग एवं इशिता सिंह ने किया तथा अनन्या गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिवांश पुरवरिया ने तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन में अपना योगदान दिया।

मैनपुरी में प्रधानी चुनाव की रंजिश में युवक पर हमला:बीच रास्ते कार रोककर लाठी-डंडों और फरसे से पीटा, सिर में गंभीर चोट आई

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे युवक ने वर्तमान प्रधान और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, रास्ते में गाड़ियों से घेरकर उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटने के बाद तमंचे से फायर किया और फिर फरसे से उसके सिर पर वार कर दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो घटना के करीब चार घंटे बाद सामने आया। रास्ते में गाड़ी लगाकर घेरने का आरोप धर्मनेर गांव निवासी विपुल कुमार ने शिकायती पत्र में बताया कि 23 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी स्विफ्ट कार से परिवार के सदस्यों पवनेश, बंटू और शिवम के साथ कुसमरा जा रहा था। रास्ते में कोल्ड के पास कूड़ी मोड़ पर उसे योगेश की गाड़ी खड़ी दिखाई दी। आरोप है कि जैसे ही वह योगेश के पास पहुंचा, उसने अपनी गाड़ी विपुल की कार के आगे लगा दी। इसी दौरान पीछे से स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार में सवार अन्य लोग भी वहां पहुंच गए।
तमंचे से फायर की कोशिश, फरसे से सिर पर वार विपुल का आरोप है कि दोनों गाड़ियों से उतरे लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और फरसे थे। आरोपियों ने उसे संभलने का मौका दिए बिना पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने जान से मारने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद सुनील ने अपनी कार से देसी तमंचा निकालकर फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। आरोप है कि इसके बाद नीतेश ने फरसे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। तीन साथियों को भी पीटा, मोबाइल छीनने का आरोप विपुल ने आरोप लगाया कि उसके साथ कार में मौजूद पवनेश, बंटू और शिवम को भी गाड़ी से खींचकर लाठी-डंडों से पीटा गया। मारपीट में तीनों के घायल होने और कार क्षतिग्रस्त होने की बात कही गई है। आरोप है कि हमलावर बंटू का मोबाइल फोन भी छीन ले गए। मौके पर लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ियों से भाग निकले।

उन्नाव में 12 बीघा अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी से कार्रवाई:कीमत 2.5 करोड़ रुपए, डीएम के निर्देश पर चलाया अभियान

उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान करीब 12 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्त की गई जमीन का बाजार मूल्य करीब 2.5 करोड़ रुपये बताया गया है। कुंदूखेड़ा में 10 बीघा जमीन पर कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार शाम 5 बजे बताया कि जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने कुंदूखेड़ा गांव में रामदास गुप्ता और वीरपाल की करीब 10 बीघा जमीन पर बिना नक्शा पास कराए की जा रही प्लाटिंग को हटाया। जज कॉलोनी के सामने भी ध्वस्तीकरण इसके बाद टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पास जज कॉलोनी के सामने कार्रवाई की। यहां धर्मेंद्र यादव और देवेंद्र यादव की करीब दो बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त कर दिया गया। बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग पर होगी कार्रवाई सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण या प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित नक्शे और प्राधिकरण की स्वीकृति की जानकारी जरूर लें।

सपा विधायक के आरोप -MLC चुनाव में धांधली हुई:मुरादाबाद में बिलारी विधायक फहीम ने लगाए धांधली के आरोप

मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के विधायक मोहम्मद फहीम ने शुक्रवार को संपन्न हुए बरेली – मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में धांधली के आरोप लगाए हैं। मतदान में धांधली का आरोप लगाते हुए बिलारी विधायक ने एक वीडियो में सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है।

सहारनपुर में वेल्डिंग के दौरान बाइक में लगी आग:चिलकाना बस अड्डे के पास हादसा; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, कोई घायल नहीं

सहारनपुर के चिलकाना बस अड्डे के पास शुक्रवार शाम वेल्डिंग की दुकान पर काम करते समय एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चिलकाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक, चिलकाना थाना क्षेत्र में बस अड्डे के पास शकील पुत्र अल्लादिया की वेल्डिंग की दुकान है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे दुकान पर एक बाइक में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। इससे दुकान पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही चिलकाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और उसे फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। बाइक को कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

नाबालिग से छेड़छाड़ के दोषी को 3 साल की कैद:कौशांबी कोर्ट ने 5 हजार रुपए का लगाया जुर्माना

कौशांबी में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में न्यायालय ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को आरोपी राजेश कुमार उर्फ रजनी को दोषी ठहराते हुए तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जानकारी के अनुसार, मामला 20 मई 2021 का है। चरवा थाना क्षेत्र में पीड़िता के परिजनों ने राजेश कुमार उर्फ रजनी पुत्र इंद्रपाल, निवासी रामपुर, थाना चरवा, कौशांबी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई पैरवी पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत कौशांबी पुलिस ने प्रभावी पैरवी की। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। कौशांबी पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत गंभीर मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जा रही है।