Breaking News
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का आगमन आज:बस्ती में 9 घंटे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, 8 रूट डायवर्ट

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को जिले में आगमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख राजमार्गों और शहर की ओर आने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह डायवर्जन आज सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में आठ अलग-अलग स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। परसरामपुर थाना क्षेत्र के घघौवा में अयोध्या और परसरामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवाबगंज-कटरा-गोंडा होते हुए डुमरियागंज की तरफ मोड़ा जाएगा। इसी प्रकार, छावनी में बस्ती की ओर आने वाले भारी वाहनों को रामजानकी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दुबौलिया के भिउरा में रामजानकी मार्ग से कप्तानगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी की तरफ भेजा जाएगा। कलवारी चौराहे पर टांडा और कलवारी की ओर से फुटहिया आने वाले भारी वाहन गायघाट की ओर से गुजरेंगे। वाल्टरगंज के मनौरी में डुमरियागंज और बांसी की ओर से बस्ती आने वाले वाहनों को पॉलीटेक्निक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। पॉलीटेक्निक चौराहे पर संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गौरा तिराहा की तरफ भेजा जाएगा। गौरा तिराहा से ये वाहन रुधौली, मनौरी, डुमरियागंज-बेवा चौराहा होते हुए उतरौला, बलरामपुर और गोंडा की ओर जा सकेंगे। मुंडेरवा के टेमा रहमत में संतकबीरनगर से आने वाले वाहनों को सेमरियावां की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लालगंज के महदेवा चौराहे पर महदेवा और सोनूपार की ओर से शहर आने वाले भारी वाहनों को महुली रोड होते हुए मुंडेरवा की तरफ भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। यह व्यवस्था केवल भारी वाहनों के लिए लागू रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *