Breaking News
वीरपाल हत्याकांड में आरोपी को थाने लाकर छोड़ने का आरोप:मृतक के भाई का वीडियो वायरल, CM से लगाई न्याय की गुहार; इंस्पेक्टर बोले- आरोप निराधार

मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के जुन्हैसा गांव में 10 अगस्त को हुई वीरपाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस पर आरोपी को थाने लाकर छोड़ने का आरोप लगाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मृतक के भाई राम निवास ने मुख्यमंत्री को एक्स पर पोस्ट कर मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी ने आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस की जांच और अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी है। जुन्हैसा निवासी 50 वर्षीय वीरपाल सिंह की 10 अगस्त को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामला जमीन की रंजिश से जुड़ा बताया गया है। मृतक के बेटे अश्विनी ने पुलिस को दी तहरीर में पवन शाक्य पर साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद पवन शाक्य समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बाद में मृतक के बेटे के प्रार्थनापत्र के आधार पर बच्चन सिंह, कमल सिंह और युधिष्ठिर के नाम भी मुकदमे में शामिल किए गए। भाई ने वीडियो में लगाए गंभीर आरोप शनिवार को वायरल हुए वीडियो में मृतक के भाई राम निवास पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस हत्या के एक आरोपी को थाने लेकर आई और रुपये लेकर उसे छोड़ दिया। राम निवास ने मुख्यमंत्री से मामले में न्याय की मांग की। उन्होंने वीडियो में धमकी मिलने की बात भी कही और कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट के माध्यम से भी कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर बोले- थाने में बाकायदा दर्ज है एंट्री पुलिस पर लगे आरोपों को कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बच्चन सिंह को थाने पर लाया गया था और उसकी बाकायदा थाने में एंट्री दर्ज की गई है। थाने पर उससे पूछताछ भी की गई थी। इंस्पेक्टर ने कहा कि हत्या का मामला होने के कारण पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है। कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया जा रहा है और जांच का दायरा आगे बढ़ने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई ललित भाटी के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हरीश द्विवेदी 31 अगस्त को अयोध्या आएंगे:राष्ट्रीय महामंत्री के स्वागत की तैयारियां तेज, विधायक-पदाधिकारी जुटे

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी 31 अगस्त को अयोध्या पहुंचेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिलने के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा।भाजपा ने उनके भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हुए हैं। हरीश द्विवेदी के साथ भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव भी अयोध्या आएंगी। स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भिटरिया में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वागत को गरिमापूर्ण और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। हरीश द्विवेदी का काफिला दोपहर करीब 12 बजे जिले की सीमा में प्रवेश करेगा। जिले की सीमा पर मवई में ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद रुदौली में विधायक रामचंद्र यादव और जिला पदाधिकारी स्वागत करेंगे। चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज महोली में विधायक अमित सिंह चौहान की अगुवाई में कार्यक्रम होगा। रौनाही टोल प्लाजा से पहले पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी ‘खब्बू’ और विधायक चंद्रभानु पासवान स्वागत करेंगे। महानगर सीमा में त्रिमूर्ति होटल के सामने विधायक वेदप्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह स्वागत करेंगे। इस बीच, रविवार शाम अयोध्या के पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज का दौरा किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने सभासद अनीत सिंह और भाजपा नेता बंशीधर शर्मा से क्षेत्र की जानकारी ली। जब उनसे हरीश द्विवेदी के स्वागत की तैयारियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उनके इस बयान से पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, कुछ कार्यकर्ताओं ने सफाई देते हुए कहा कि हरीश द्विवेदी और लल्लू सिंह के बीच कोई मतभेद नहीं है।

अखिलेश यादव की राजनीतिक स्थिति रोज खराब हो रही:एटा पहुंचे प्रभारी मंत्री, बोले- क्षेत्रीय अध्यक्ष ने 2027 से पहले बूथ मजबूत करने पर दिया जोर

एटा के अलीगंज के कायमगंज रोड स्थित पूर्व जिला उपाध्यक्ष के कार्यालय पर रविवार को प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत और ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीनों नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सपा और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के लोधी समाज को सम्मान देने वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोधी समाज वीरांगना अवंती बाई, बाबू कल्याण सिंह और ब्रह्मानंद के वंशज हैं। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना अवंती बाई के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ लड़े गए युद्ध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। मंत्री ने अखिलेश यादव के चुनाव संबंधी बयानों और रामगोपाल यादव के बाबरी मस्जिद को लेकर दिए गए बयान का भी जिक्र किया। राम मंदिर मुद्दे पर सपा को घेरा कैलाश राजपूत ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर भी सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि रामलला का मामला करीब 500 वर्षों तक अदालत में चला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं। उन्होंने 1992 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद को छोटा मानते हुए इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 6 दिसंबर 1992 को विवादित ढांचा गिराया गया। मंत्री ने कहा कि पुरातत्व विभाग की जांच में मंदिर के अवशेष मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया। पीडीए को बताया ‘परिवार डिप्लॉयमेंट’ मंत्री ने अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में सरकारी भर्तियों में एक जाति विशेष को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने पीसीएस और पुलिस भर्ती का जिक्र करते हुए इन भर्तियों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को पिछली सपा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों का रिकॉर्ड सार्वजनिक करना चाहिए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके। संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता: पूरन लाल लोधी ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि उनकी भूमिका संगठन को मजबूत करने की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बदल सकती है, लेकिन उसकी भूमिका संगठन के प्रति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने का काम किया जाएगा। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने विभागीय कामकाज की भी जानकारी दी कैलाश राजपूत ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में समीक्षा बैठकें की हैं और विभागीय एमडी से भी बातचीत की है। उनके अनुसार, समस्याओं में काफी हद तक सुधार किया गया है। शेष कार्यों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा। कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता, आशीष राजपूत, अमोद गुप्ता, मुन्ना लाल गुप्ता, टीपू गुप्ता, राघवेंद्र गुप्ता, विनोद आर्या, विकास गुप्ता, गोपाल शर्मा, सर्वेंद्र राजपूत, सानू आर्य, रामविलास वर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरदोई पहुंचे अपर मुख्य सचिव अमित घोष:बोले- अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज की कमी नहीं हो

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष रविवार शाम करीब 5 बजे हरदोई पहुंचे। उन्होंने स्वशासी मेडिकल कॉलेज के गौरीडांडा, सीतापुर रोड कैंपस में स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया। अमित घोष ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑनलाइन चिकित्सीय सेवाएं तत्काल सुचारू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पैकेट के साथ मेडिकल किट भी दें जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अपर मुख्य सचिव ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को वितरित किए जा रहे राहत पैकेट के साथ मेडिकल किट भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को किसी भी तरह की स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा। एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज का पर्याप्त स्टॉक रखें अमित घोष ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं के स्टॉक और उपलब्धता की नियमित निगरानी करने को कहा। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि दवाओं की उपलब्धता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लू के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश बैठक में स्वाइन फ्लू और अन्य फ्लू संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि फ्लू के मामलों को हल्के में न लिया जाए। मरीजों में लक्षण मिलने पर उनकी पूरी जांच कराकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए। क्रिटिकल केयर यूनिट और वेंटिलेटर हमेशा तैयार रहें मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अमित घोष ने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट और वेंटिलेटर हर समय चालू हालत में रहने चाहिए। गंभीर मरीजों को किसी भी स्थिति में आपातकालीन उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े। एमबीबीएस छात्रों से किया संवाद बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव ने एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र लगातार विकसित हो रहा है। ऐसे में छात्रों को पढ़ाई के साथ नई तकनीक और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे बदलावों का ज्ञान भी हासिल करते रहना चाहिए। वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यक्रम में भी हुए शामिल अमित घोष वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का आगमन आज:बस्ती में 9 घंटे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, 8 रूट डायवर्ट

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को जिले में आगमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख राजमार्गों और शहर की ओर आने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह डायवर्जन आज सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में आठ अलग-अलग स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। परसरामपुर थाना क्षेत्र के घघौवा में अयोध्या और परसरामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवाबगंज-कटरा-गोंडा होते हुए डुमरियागंज की तरफ मोड़ा जाएगा। इसी प्रकार, छावनी में बस्ती की ओर आने वाले भारी वाहनों को रामजानकी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दुबौलिया के भिउरा में रामजानकी मार्ग से कप्तानगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी की तरफ भेजा जाएगा। कलवारी चौराहे पर टांडा और कलवारी की ओर से फुटहिया आने वाले भारी वाहन गायघाट की ओर से गुजरेंगे। वाल्टरगंज के मनौरी में डुमरियागंज और बांसी की ओर से बस्ती आने वाले वाहनों को पॉलीटेक्निक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। पॉलीटेक्निक चौराहे पर संतकबीरनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गौरा तिराहा की तरफ भेजा जाएगा। गौरा तिराहा से ये वाहन रुधौली, मनौरी, डुमरियागंज-बेवा चौराहा होते हुए उतरौला, बलरामपुर और गोंडा की ओर जा सकेंगे। मुंडेरवा के टेमा रहमत में संतकबीरनगर से आने वाले वाहनों को सेमरियावां की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लालगंज के महदेवा चौराहे पर महदेवा और सोनूपार की ओर से शहर आने वाले भारी वाहनों को महुली रोड होते हुए मुंडेरवा की तरफ भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। यह व्यवस्था केवल भारी वाहनों के लिए लागू रहेगी।