प्रिल्यूड की संस्थापक शिक्षिका स्व. श्रीमती रूपा प्रकाश की स्मृति में हुआ मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट का आयोजन





बाबा न्यूज
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की संस्थापक शिक्षिकाओं में से एक, स्वर्गीय श्रीमती रूपा प्रकाश, जो वर्ष 2020 में इस संसार से विदा हो गईं, की स्मृति में प्रतिवर्ष द रूपा प्रकाश इंटर स्कूल मैथमेटिक्स काॅन्टेस्ट का आयोजन द रूपा प्रकाश मेमोरियल मैथमेटिक्स चैंपियनशिप एवं प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता है। इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए इस अंतर्विद्यालयी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में आगरा शहर के 14 विद्यालयों से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के कुल 28 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। गणितीय ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं त्वरित गणना पर आधारित तीन चुनौतीपूर्ण चरणों को पार करते हुए तीन विद्यालयों की टीमों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ₹5,100, ₹3,100 एवं ₹2,100 की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विजेताओं का विवरण निम्नानुसार है—
प्रथम स्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल। द्वितीय स्थान गायत्री पब्लिक स्कूल।तृतीय स्थान सचदेवा मिलेनियम स्कूल।
विद्यालय के रजत जयंती वर्ष को विशेष बनाने के उद्देश्य से इस बार प्रतियोगिता में एक सिल्वर जुबली राउंड भी सम्मिलित किया गया। इस विशेष राउंड का विजेता दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की टीम रही, जिन्हें ₹5,100 की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इसके अतिरिक्त रूपा जी की स्मृति में प्रतिवर्ष उनके परिवार व विद्यालय द्वारा द रूपा प्रकाश मेमोरियल मेरिट अवार्ड विद्यालय की कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं के तीन-तीन होनहार छात्रों को दिया जाता है, जो गणित विषय व सह-पाठयक्रम गतिविधियों में अपना अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत प्रत्येक छात्र को रु. 11000 की नकद धनराशि (कुल रु. 66000) व प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाते हैं।
प्रतियोगिता की संयोजिका डिंपी महेंद्रु ने कहा कि रूपा प्रकाश जी के व्यक्तित्व की अनेक विशेषताओं में गणित के प्रति उनका जुनून, समर्पण एवं विषय को लेकर उनकी गहरी रुचि विशेष रूप से उल्लेखनीय थी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से रूपा जी की स्मृति को केवल यादों तक सीमित न रखकर ऐसे सार्थक कार्यों के द्वारा जीवंत रखा जाएगा, जो विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर रूपा प्रकाश के पति श्री महाराज त्यागी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि अपने प्रियजनों के देहांत के पश्चात परिवारजन तो उनकी स्मृति में कुछ न कुछ करते ही हैं, परंतु प्रिल्यूड परिवार अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति भी जिस प्रकार सम्मान और आत्मीयता प्रकट करता है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। यह आयोजन दर्शाता है कि विद्यालय के लिए शिक्षक केवल शिक्षण कार्य करने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार के अभिन्न सदस्य हैं, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहता है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए रूपा प्रकाश जी को एक उत्कृष्ट गणित शिक्षिका बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने अथक परिश्रम, समर्पण एवं शिक्षण कौशल से विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सहजपाल ने कहा कि गणित का हमारे दैनिक जीवन में विशेष महत्व है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही आकलन, तार्किक सोच और उचित गणना की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आनंद अग्रवाल, राजकुमार सिंह, गौरव अरोड़ा, सज्जन राजपूत, रूपाली शर्मा, खुशबू तुलसानी, आयुष सक्सेना एवं बादल शर्मा का पूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन गौरांगी गर्ग एवं इशिता सिंह ने किया तथा अनन्या गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिवांश पुरवरिया ने तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन में अपना योगदान दिया।

