Breaking News
महराजगंज में कलश विसर्जन शोभायात्रा:दुर्गा मंदिर परिसर से निकली यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार संग हुआ प्रतिमा विसर्जन

महराजगंज के चिऊरहा स्थित श्री श्री दुर्गा मंदिर परिसर में नवरात्र महोत्सव के अवसर पर कलश विसर्जन एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन बुधवार को प्रातः 12 बजे शुरू हुआ। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में माता के भक्तों, नगरवासियों और धर्मप्रेमी बंधुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने विसर्जन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कलश एवं प्रतिमा का विसर्जन किया और लोक-कल्याण तथा समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री श्री दुर्गा मंदिर समिति ने सभी नगरवासियों, श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भव्यता और सफलता के साथ संपन्न हुआ।

पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप भी अयोध्या पहुंचे:बोले-2027 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी,सपा की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने है

– रामनगरी अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को नेताओं और मंत्रियों का जमावड़ा लगा रहा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप भी अयोध्या पहुंचे। मीडिया से बातचीत के बाद वह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि देने के लिए बस्ती रवाना हो गए। इस दौरान नरेंद्र कश्यप ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी और 2027 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।
समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि परिवार के लोगों और पैसे वालों को मौका देने की सपा की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने आ चुकी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी पर रामभक्तों पर गोली चलाने, भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय अयोध्या आने से बचने के आरोप लगते रहे हैं, उस पर जनता कैसे भरोसा करेगी?
नरेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह सच्चे सनातनी हैं, तो मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण के लिए भाजपा का साथ देने की घोषणा करें। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की एकतरफा जीत होगी और सपा की स्थिति 2022 से भी खराब होगी। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर भाजपा की भारी मतों से जीत का भरोसा जताया।

आगरा में दुर्गा पूजा महोत्सव:बंगाली समाज ने दी विदाई, 12 फीट ऊंची महालक्ष्मी प्रतिमा का हुआ विसर्जन

आगरा में बुधवार को देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बंगाली समाज की ओर से 16 अक्टूबर से शुरू हुए दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए लेकर गए। महालक्ष्मी की मुख्य प्रतिमा की ऊंचाई करीब 12 फीट थी, जबकि उनके साथ स्थापित दो अन्य प्रतिमाएं लगभग 6-6 फीट ऊंची थीं। तीनों प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा को विदाई दी।

सुल्तानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचालन:500 से ज्यादा महिलाएं हुईं शामिल, चौक और बस स्टैंड से होकर निकला मार्च

सुल्तानपुर में राष्ट्र सेविका समिति की महिलाओं ने बुधवार शाम शहर में पथ संचालन निकाला। इसमें विभिन्न जिलों से आईं 500 से ज्यादा सेविकाओं ने हिस्सा लिया। पथ संचालन शाहगंज चौराहे, चौक और बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर तय स्थान पर संपन्न हुआ। इसके बाद पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में गोष्ठी हुई, जो शाम 6 बजे समाप्त हुई। कई जिलों की सेविकाएं हुईं शामिल समिति की वक्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम विजयादशमी के अवसर पर मौसी जी द्वारा तैयार की गई परंपरा के तहत आयोजित किया गया। पथ संचालन में सुल्तानपुर के अलावा मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, अमेठी, कादीपुर और प्रयागराज सहित कई जिलों की सेविकाएं और पदाधिकारी शामिल हुईं। इनमें क्षेत्राधिकारी शशि दीदी और साधना दीदी भी मौजूद रहीं। अनुशासन और व्यक्तिगत विकास पर दिया जोर समिति की विभाग कार्यवाहिका सुमन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और समाज को मजबूत बनाना, अनुशासन की भावना विकसित करना और राष्ट्र के साथ-साथ व्यक्ति के विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समाज में अच्छाई लाने और मन के रावण को खत्म करने के लिए सबसे पहले खुद में सुधार करना जरूरी है। अच्छे विचारों और कर्मों के जरिए ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

बिजनौर में पटाखा निर्माण स्थलों पर अग्निशमन जांच:दीपावली को लेकर चलाया अभियान, सुरक्षा मानकों संग त्वरित कार्रवाई निर्देश

बिजनौर में दीपावली के मद्देनजर अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने 21 अक्टूबर को जनपद में पटाखा भंडारण और निर्माण स्थलों पर जांच अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 4 स्थानों की जांच की गई और 38 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान जलालाबाद स्थित पाल फायर वर्क्स सहित मुकीमपुर धर्मसी और गजरौला शिव के आतिशबाजी निर्माण एवं बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया गया। संचालकों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरण कार्यशील रखने तथा नियमित रखरखाव कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों की जानकारी दी गई। विभाग ने त्योहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।