बस्ती में स्कूटी बचाने में टेंपो पलटा, 9 घायल:उमरा चौराहे के पास गड्ढे में गिरा, दो गंभीर रेफर
बस्ती-बांसी मार्ग पर उमरा चौराहे के पास गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हादसा हो गया। स्कूटी सवार महिला को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में टेंपो सवार 9 लोग और स्कूटी सवार महिला घायल हो गईं। सभी घायलों को सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दो लोगों को रेफर कर दिया गया। मुंबई से लौटकर घर जा रहे थे यात्री रुधौली थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द निवासी इरशाद पुत्र मोहम्मद इसहाक अपनी पत्नी सबरुनिशा और ससुर अब्दुल कुद्दूश के साथ मुंबई से बस्ती पहुंचे थे। यहां से घर जाने के लिए उन्होंने टेंपो बुक किया था। इसी टेंपो में सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के नसीरगंज निवासी करमराज अपनी पत्नी मंजू और दो बेटियों अंशिका व अंशु के साथ सवार थे। सभी लोग मुंबई से लौटकर अपने घर जा रहे थे। स्कूटी सवार महिला को बचाने में हुआ हादसा बस्ती-बांसी मार्ग पर उमरा चौराहे के पास अचानक स्कूटी सवार संध्या यादव टेंपो के सामने आ गईं। वह हर्रैया थाना क्षेत्र के पचवस मुकुंदपुर की निवासी हैं और रुधौली में एक फाइनेंस कंपनी में काम करती हैं। उन्हें बचाने के प्रयास में टेंपो चालक रोहित यादव वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इससे टेंपो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने घायलों को टेंपो से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

