Breaking News
मुरादाबाद में कैंप ऑफिस पर धरने पर बैठे BJP पार्षद:कहा-नगर निगम में पार्षदों का सम्मान नहीं तो पब्लिक का क्या हाल होगा

मुरादाबाद में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 10 से अधिक पार्षद नगर निगम कैंप ऑफिस पर धरना देकर बैठ गए। पार्षदों का आराेप है कि उन्हें नगर निगम में सम्मान नहीं मिलता। धरने पर बैठे पार्षदों का कहना था कि, जब पार्षदों को ही निगम में सम्मान नहीं मिलेगा तो फिर पब्लिक का क्या हाल होगा। धरने पर बैठे पार्षदों का आरोप है कि वे अपने वार्डों की समस्याएं लेकर नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक से मिलने पहुंचे थे। पार्षदों का आरोप है कि जब वे एक हॉल में बैठकर बातचीत का इंतजार कर रहे थे, तभी नगर आयुक्त के आदेश पर कर्मचारियों ने उन्हें वहां से हटा दिया। इस पर पार्षद भड़क गए। पार्षदों ने मेयर विनोद अग्रवाल के रवैये पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि जब उन्होंने पहले भी अपने इलाकों की समस्याओं को लेकर शिकायत की थी, तब उन्हें कथित तौर पर जवाब मिला कि अभी तो उनके वार्डों को और ज्यादा छांटा जाएगा। पार्षदों का कहना है कि इस तरह के जवाब से उन्हें लगता है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पार्षदों के हंगामे की सूचना पर भाजपा के नगर विधायक रितेश गुप्ता नगर निगम कैंप कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पहले पार्षदों की समस्याएं सुनीं और फिर नगर आयुक्त से बातचीत करने के लिए उनके कक्ष की ओर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *