आगरा के धनौली में बन रहे नए एयरपोर्ट पहुंचे डीएम:टर्मिनल से रनवे तक का काम देखा, सुविधाओं का भी लिया जायजा
आगरा में नए सिविल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की प्रगति पर अब प्रशासन की नजर है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगरा-जगनेर रोड स्थित धनौली में निर्माणाधीन न्यू सिविल एयरपोर्ट (न्यू सिविल एन्क्लेव) का निरीक्षण किया। उन्होंने टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, बाउंड्रीवॉल और एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से अब तक हुए काम और बाकी निर्माण की जानकारी ली। सिविल एन्क्लेव की आंतरिक व्यवस्थाओं को देखा
डीएम ने टर्मिनल बिल्डिंग के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर भवन निर्माण, यात्रियों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं और आंतरिक व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने रनवे और बाउंड्रीवॉल के निर्माण की भी समीक्षा की। इसके अलावा एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी काम निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। कार्यस्थल पर पर्याप्त संसाधन और मैनपावर उपलब्ध कराने के साथ निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश डीएम ने कहा कि नया सिविल एयरपोर्ट आगरा के विकास, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके शुरू होने से पर्यटकों, उद्यमियों और आम नागरिकों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जीके वार्ष्णेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

