आगरा के सिकंदरा स्थित डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर शनिवार को डॉ. अजीत सिंह अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 की शुरूआत हुई। शुभारंभ के साथ ही ट्राफी का अनावरण किया गया और पहले दिन खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में एसबीएस एकेडमी व आरबीएस ने मजबूत शुरुआत करते हुए जीत हासिल की। मैच शुरू होने से पहले समारोह में चैंपियनशिप की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इस अवसर पर रणजी ट्राफी खिलाड़ी और जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर, पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट की चयनकर्ता हेमलता काला ने शुभारंभ किया। पहले मैच में एसबीएस एकेडमी की 131 रनों से एकतरफा जीत
दिन का पहला मुकाबला ताज एकेडमी और एसबीएस एकेडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसबीएस ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 197 रन बनाए। आलोक रतन ने 62 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि विवेक ने 43 रनों का आक्रामक योगदान दिया। ताज की तरफ से देव कुमार ने 2 विकेट चटकाए। 198 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी ताज एकेडमी एसबीएस के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 66 रनों पर ऑलआउट हो गई। विवेक ने 4 विकेट लेकर मैच को एकतरफा बना दिया। एसबीएस ने यह मुकाबला 131 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन (43 रन और 4 विकेट) के लिए विवेक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में आरबीएस ने 6 विकेट से दर्ज की जीत
दूसरे मुकाबले में सूरजभान क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 127 रन बनाए। साहिल ने 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि ओम वर्मा ने 27 रन जोड़े। आरबीएस की तरफ से कृष्णांश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरबीएस ने 4 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य सिंह ने 40 रन और रिषांश ने 27 रनों की उपयोगी पारी खेली। सूरजभान की तरफ से हरीश आनंद और साहिल ने एक-एक विकेट लिया। आरबीएस ने यह मैच छह विकेट से जीत लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए कृष्णांश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। टूर्नामेंट के पहले दिन एसबीएस और आरबीएस की दमदार शुरुआत और युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने आगामी मुकाबलों के लिए रोमांच बढ़ा दिया है। मौके पर पूर्व रणजी खिलाड़ी धीरज शर्मा, आईपीएल खिलाड़ी केके उपाध्याय, वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन के कप्तान अजय कदम, कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा मौजूद रहे। मैच में अंपायरंग वकार अहमद और श्याम सुंदर ने की, स्कोरर आशिफ शमीम व धीरज उपाध्याय रहे।