छठ पूजा में मिर्जापुर में निर्मित पीतल सूप की मांग:बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में भेजे जाते हैं; परंपरा के चलते मांग बढ़ी
मिर्जापुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में खरीददारी तेज हो गई हैं। भगवान सूर्य नारायण और छठी मैया की आराधना के लिए श्रद्धालु पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। पूजा में पवित्रता और शुद्धता का विशेष महत्व होने के कारण पीतल के पारंपरिक बर्तनों की मांग बढ़ गई है। खासकर मिर्जापुर में तैयार होने वाले पीतल के सूप की मांग बिहार, झारखंड, ओडिशा सहित देश के कई राज्यों में है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर होने वाली छठ पूजा में पीतल के सूप का विशेष महत्व है। रविवार को डूबते तो सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। परंपरा के अनुसार श्रद्धालु इसी सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। देखें, 3 दुकानदार की तस्वीरें… बर्तन के थोक व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन माह से ही तैयारी में लग जाते है। करीब तीन महीने पहले से ही उत्पादन और आपूर्ति की योजना तैयार करने लगते हैं। पीतल की मांग बिहार, झारखण्ड समेत विभिन्न प्रदेशों में हैं। छठ पर्व पर पीतल के सूप की बिक्री में विशेष तेजी आती है। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूसरे राज्यों के व्यापारी भी यहां से सूप और अन्य पूजन सामग्री मंगवाते हैं। बिनानी महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ राजीव अग्रवाल ने बताया कि करीब 50 वर्षों से जिले में छठ पर्व मनाया जा रहा है। अब श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। बर्तन व्यापारी रोहित अग्रवाल ने बताया कि छठ पर्व पर पीतल के सूप की अच्छी डिमांड रही। पीतल के पारंपरिक बर्तनों का प्रयोग पीढ़ियों से होता आ रहा है। इसी परंपरा को आज भी लोग निभा रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। आस्था के इस महापर्व ने मिर्जापुर के पीतल उद्योग को भी विशेष पहचान और कारोबार का अवसर दिया है।

