Breaking News
रिजिजू बोले- भारत के अपमान करने पर कौन हंसता है:इटली के नेता ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा लगाया था, दावा- राहुल ने तालियां बजाईं

इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने शनिवार को हैदराबाद में भारत समिट में कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें राहुल गांधी तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है, तो कौन हंसता है? फिलिबेक यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव हैं। उन्होंने अपने भाषण में राहुल गांधी की तारीफ की और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ उनके अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के अधिकार की रक्षा की है। बीजेपी नेताओं ने क्या कहा… सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- विरोधी लोगों को बुलाने के पीछे छिपा एजेंडा बताएं
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- आखिर कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर क्यों जगह दे रही है, जिनके तार जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से जुड़े हैं। इक्वाडोर के पूर्व मंत्री गुइलेर्मो लांग और एमनेस्टी के पूर्व महासचिव सलिल शेट्टी जैसे उन विवादित व्यक्तियों के नाम सामने लाए गए, जिन पर अतीत में कश्मीर और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देने के गंभीर आरोप हैं। सीआर केसवन ने विदेशी प्रतिनिधियों की पृष्ठभूमि पर उठाए सवाल
सीआर केसवन ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस के प्रायोजित भारत समिट में राहुल गांधी और उनके सहयोगियों ने देश और लोकतंत्र के खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल कुछ विदेशी प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता संदिग्ध है। बंदी संजय कुमार ने आपातकाल का किया जिक्र
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर भारत का अपमान किया है। उन्होंने मतदाता सूची से 14 करोड़ वोट हटाए जाने संबंधी राहुल गांधी के आरोपों का भी जवाब दिया। कुमार ने कहा कि मृत व्यक्तियों, दोहरे मतदाताओं और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना जरूरी है। राहुल गांधी बोले- हम भविष्य के लिए लड़ रहे हैं हैदराबाद के नोवोटेल होटल में हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भी स्पीच दी। उन्होंने कहा- हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा। कुछ ऐसा जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंक दिया गया। चुनावी व्यवस्था, जिसमें अक्सर कड़े मुकाबले और गठबंधन देखने को मिलते थे, वह अचानक पूरी तरह बदल गई। विपक्ष सदमे में था तो यह कहना गलत नहीं होगा। उन्होंने कहा- केवल वर्तमान से नहीं लड़ रहे, हम वर्तमान, भूतकाल और भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। हमारा इतिहास महात्मा गांधी से शुरू से हुआ था। हमारे दो हथियार हैं- सत्य और अहिंसा। हमने देखा है कि हिंसा काम नहीं करती, दया काम करती है। लोगों को समझाना काम करता है। ——————– ये खबर भी पढ़ें… राहुल गांधी बोले- 2014 में विपक्ष सदमे में था:चुनाव में पहले कड़े मुकाबले और गठबंधन होते थे राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में कहा कि 2014 में हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा। कुछ ऐसा जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंक दिया गया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *