Breaking News
बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए-गए चंदे का हिसाब दें अखिलेश:डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले- सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण व टेरर फंडिंग का आरोप

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मिर्जापुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब मांगा और विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही मिर्जापुर में विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। शुक्रवार को मिर्जापुर के कोन विकास खंड स्थित पुरजागीर पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाया गया चंदा आखिर कहां गया। सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लगातार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के वित्तपोषण (टेरर फंडिंग) जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विपक्ष को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मौलानाओं की भूमिका पर भी उठाए सवाल बृजेश पाठक ने मस्जिदों के मौलानाओं की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस विषय पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सनातन धर्म पर प्रहार कर हिंदू समाज को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। मिर्जापुर के विकास का भी किया जिक्र राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच उपमुख्यमंत्री ने मिर्जापुर में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि माता विंध्यवासिनी की कृपा से जिले में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और मिर्जापुर सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का उद्देश्य जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इस दौरान नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *