पांच देशों के राजदूत रामपुर पहुंचे:गांधी समाधि पर श्रद्धांजलि दी, ऐतिहासिक धरोहरों का भ्रमण किया
पांच देशों के राजदूतों ने शनिवार को रामपुर का दौरा किया। उन्होंने शहर की समृद्ध कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जाना। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के निमंत्रण पर आए इन राजनयिकों का नूर महल में स्वागत किया गया। रामपुर पहुंचने वाले राजदूतों में रोमानिया की राजदूत सना लतीफ़, चिली गणराज्य के राजदूत जुआन रोलैंडो अंगुलो मोंसाल्वे, उजबेकिस्तान के राजदूत सरदोर रुस्तम्बायेव, एस्टोनिया की राजदूत मार्जे लूप और आयरलैंड के राजदूत केविन केली शामिल थे। सभी राजनयिकों ने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और मानवता के आदर्शों को नमन किया। इसके बाद, उन्होंने ऐतिहासिक जामा मस्जिद का अवलोकन किया। राजदूतों ने इमामबाड़ा किला और खासबाग का भी दौरा किया, जहां उन्होंने इन स्थलों की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर रोमानिया की राजदूत सना लतीफ़ ने कहा कि भारत और रोमानिया के बीच व्यापार, संस्कृति और रक्षा क्षेत्र में संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। चिली के राजदूत जुआन रोलैंडो अंगुलो मोंसाल्वे ने भारत को विकासशील और संभावनाओं से भरा देश बताते हुए माइनिंग, ऊर्जा परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की बात कही। उजबेकिस्तान के राजदूत सरदोर रुस्तम्बायेव ने भारत-उजबेकिस्तान संबंधों को मजबूत बताया और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सराहना की। एस्टोनिया की राजदूत मार्जे लूप ने रामपुर की खूबसूरती और मेहमाननवाजी की प्रशंसा की। आयरलैंड के राजदूत केविन केली ने शिक्षा, वित्तीय सेवाओं और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।इस दौरान पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, शहर इमाम मौलवी नासिर खां, शाहबानो, हमजा मियां और काशिफ खां सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

