लखनऊ अग्निकांड के बाद फर्रुखाबाद में जांच अभियान जारी:आग से बचाव के इंतजाम अधूरे, अंडरग्राउंड जिम सील
फर्रुखाबाद लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद फर्रुखाबाद में व्यावसायिक भवनों, अस्पतालों, नर्सिंग होम, जिम, रेस्टोरेंट और मैरिज होम की जांच का अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों की जांच की। जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर खामियां पाई गईं। कई जगह दमकल विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिली, जबकि कुछ प्रतिष्ठान बिना स्वीकृत नक्शे के संचालित होते पाए गए। प्रशासन ने सभी संचालकों को मानक पूरे करने की चेतावनी दी है और नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट सबसे पहले मसेनी रोड स्थित एक अंडरग्राउंड जिम सेंटर पहुंचीं। निरीक्षण में पाया गया कि जिम कम जगह में संचालित हो रहा था तथा उसके पास न तो स्वीकृत भवन नक्शा था और न ही पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने जिम को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने मसेनी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। यहां दमकल उपकरण तो लगे मिले, लेकिन मॉक ड्रिल की कोई व्यवस्था नहीं थी। पानी की टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं था और फायर अलार्म भी नहीं लगे थे। गेस्ट हाउस प्रबंधन भवन का स्वीकृत नक्शा नहीं दिखा सका। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रबंधन को कार्यालय में नक्शा प्रस्तुत करने और सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक नर्सिंग होम के बेसमेंट की भी जांच की गई। प्रबंधन ने बताया कि वहां मरीज भर्ती नहीं किए जाते हैं। हालांकि भवन का नक्शा अस्पताल के नाम पर स्वीकृत नहीं था। अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की गई और संचालकों को अस्पताल के नाम से भवन का नक्शा स्वीकृत कराने की चेतावनी दी गई। इसके बाद टीम एक अन्य अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने बताया कि वहां केवल ओपीडी सेवाएं संचालित होती हैं और उनके पास दमकल विभाग की एनओसी नहीं है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट आवास विकास क्षेत्र में लोहिया अस्पताल के पीछे संचालित एक नर्सिंग होम भी पहुंचीं। यहां भी दमकल विभाग की एनओसी नहीं मिली। फायर अलार्म नहीं लगे थे और आग बुझाने के लिए रखी गई पानी की टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं था। प्रशासन ने संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक अल्ट्रासाउंड एवं एमआरआई सेंटर में भी अंडरग्राउंड में मशीनें संचालित होती मिलीं। अधिकारियों ने वहां भी आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने की चेतावनी दी। पास ही स्थित एक अंडरग्राउंड रेस्टोरेंट में भी जांच की गई, जहां मौजूद मैनेजर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रशासन ने उसे सभी अभिलेख उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का पालन न होने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य होटल के निरीक्षण के दौरान उसके अंडरग्राउंड हिस्से में एक निजी कंपनी का कार्यालय संचालित मिलता पाया गया, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत थे। यहां भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी संस्थानों को फायर एनओसी प्राप्त करने, भवन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध कराने तथा अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत नक्शे और सुरक्षा मानकों के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी संचालकों को मानक पूरे करने का अवसर दिया जा रहा है। यदि निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं की गईं, तो प्रशासन विधिक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।

