Breaking News
कानपुर सेंट्रल पर 5 वर्षीय मासूम मां से बिछड़ा:जीआरपी ने 20 मिनट में ढूंढकर मां को सौंपा

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक पांच वर्षीय बच्चा अपनी मां से बिछड़ गया। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 20 मिनट के भीतर बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला और उसकी मां को सौंप दिया। इस घटना से स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के दरवेशाबाद गांव निवासी गीता देवी अपने करीब पांच वर्षीय बेटे के साथ कानपुर सेंट्रल पहुंची थीं। स्टेशन पर भीड़भाड़ के दौरान उनका बेटा अचानक उनसे बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो घबराई मां ने जीआरपी थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पुलिस टीम, क्यूआरटी, प्लेटफॉर्म ड्यूटी और कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। बच्चे के हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर, टिकट घर, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गईं। लगातार तलाश के बाद लगभग 20 मिनट के भीतर बच्चे को प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर सुरक्षित पा लिया गया। जीआरपी कर्मियों ने तुरंत बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उसकी मां बेसब्री से इंतजार कर रही थी। बेटे को देखते ही मां ने उसे गले लगा लिया। मां गीता देवी ने जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *