Breaking News
मंदी की मार से बेहाल लोहा व्यापार

जीएसटी कार्रवाई और एमसीएक्स ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता
घाटे में बिक रहा लोहा, व्यापारियों ने उठाई नई मंडी और जीएसटी राहत की मांग
बाबा न्यूज
आगरा। आगरा लोहा व्यापारी एसोशिएशन की ओर से दालवाटी और साधारण सभा की बैठक का आयोजन शनिवार को पथौली स्थित दी ग्रांड हेरिटेज रेसॉर्ट में किया गया। अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में जिले भर के व्यापारियों ने लोहे के व्यापार में आ रही मंदी, जीएसटी में व्यापारियों के साथ पारदर्शिता तथा आॅनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित होते व्यापार पर मंथन किया। आज लोहा व्यापार के बाजार में नकदी का संकट है और व्यापारी भारी घाटे में कारोबार करने को मजबूर हैं। कई बड़े व्यापारियों ने नुकसान के चलते अपने जीएसटी पंजीकरण तक सरेंडर कर दिए हैं। जीएसटी विभाग की जांच और कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में भय का माहौल है। अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर कागजात तैयार करने, हस्ताक्षर के लिए दबाव बनाने और अनावश्यक वसूली के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे समय में विभाग को व्यापारी का उत्पीड़न नहीं, बल्कि सहयोग करना चाहिए।
महासचिव दिनेश अग्रवाल ने कहा कि लोहा व्यापारियों की सबसे बड़ी समस्या कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव है। एमसीएक्स व्यवस्था के कारण व्यापारी जिस कीमत पर माल खरीदता है, उससे कम कीमत पर बेचने को मजबूर हो जाता है। सरकार को इस व्यवस्था की समीक्षा कर व्यापारियों को राहत देनी चाहिए।इसके साथ ही पिछले करीब 25 वर्षों से आगरा में नई लोहा मंडी की मांग की जा रही है। इस सम्बन्ध में मंडलायुक्त समेत कई अधिकारीयों को ज्ञापन भी दिए जा चुके है। यदि सभी लोहा व्यापारियों को एक व्यवस्थित मंडी में स्थान उपलब्ध कराया जाए तो व्यापार को सुरक्षा, सुविधा और नई गति मिल सकती है। शाम के समय व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाकर व्यापारियों, विशेषकर बुजुर्ग व्यापारियों को सुरक्षा दी जानी चाहिए।
कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयन ने कहा कि हम सरकार से यह भी मांग करते हैं कि जो व्यापारी जीवनभर ईमानदारी से सरकार को टैक्स देता रहा है और बुढ़ापे में व्यापार करने में सक्षम नहीं रहता, उसके लिए टैक्स योगदान के आधार पर व्यापारी पेंशन योजना बनाई जाए। व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है, इसलिए उसके सम्मान और सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी सरकार की होनी चाहिए। सरकार और प्रशासन लोहा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए। इस अवसर पर नरेंद्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल, मोहित गोयल, सिद्धार्थ जैन, विपुल जैन, सोमल जैन, बादाम अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, गिरीश घर, रामसेवक, पॉपी भाई आदि मौजूद रहे।

समझौता वार्ता के बाद रोडवेज कर्मियों का आन्दोलन स्थगित

बाबा न्यूज
आगरा। रोडवेज कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर यूपी रोडवेज इम्प्लॉइज यूनियन द्वारा सात अगस्त को दिए गए नोटिस के क्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक , सेवा प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त एवं सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ यूनियन के शिष्टमंडल की वार्ता हुई।
दोनों पक्षों के मध्य यह वार्ता पांच घंटे चली। वार्ता के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल सेवा प्रबंधक तुलाराम के साथ सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तार से चर्चा की गई।
प्रबंधन द्वारा कर्मचारी हित से जुड़े मांगों के समाधान के संबंध में सकारात्मक आश्वासन एवं सहमति प्रदान की गई। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/श्रमिक नेता पं. सत्य नारायण शर्मा , क्षेत्रीय अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री रवेंद्र कुमार द्वारा बताया कि निगम हित, जनहित एवं कर्मचारी हित को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन के साथ हुए समझौते एवं सकारात्मक वार्ता के उपरान्त प्रस्तावित एक दिवसीय आंदोलन को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा प्रबंधन से अपेक्षा है कि पांच घंटे चली इस लम्बी वार्ता में बनी सहमति के अनुसार सभी बिंदुओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

रोडवेज के आरएम करेंगे कर्मचारियों की समस्याएं दूर : सत्यनारायन शर्मा

यूनियन का शिष्ट मंडल आज रोडवेज प्रबंधन से समस्याओं को लेकर करेगा वार्ता

बाबा न्यूज
आगरा। रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक ने अपने कार्यालय में यूपी रोडवेज इम्प्लॉइज यूनियन के शिष्ट मंडल को वार्ता के लिए आमन्त्रित किया है। बता दें कि यूनियन ने सात अगस्त को रोडवेज कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर आरएम को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनात्मक नोटिस दिया था। यूनियन की मांगों में चालक- परिचालकों का स्थाई रूप से बस मार्ग को आवंटन , समय सारिणी से बसों का संचालन , महिला परिचालकों के लिए रैस्ट रूम और बाथरूम का निर्माण , महिला परिचालकों को समय से ड्यूटी , लोड फैक्टर एवं डीजल औसत के नाम पर वेतन से कटौती व प्रताड़ना बन्द ,अनुशासनिक कार्यवाहियों में विलम्ब व मनमानी बन्द आदि शामिल हैं। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/ श्रमिक नेता पं. सत्य नारायन शर्मा ने बताया हैं कि प्रस्तावित आन्दोलन को जिले के विभिन्न विभागों के दर्जन भर संगठनों से भरपूर समर्थन मिल रहा है। फिर भी निगम हित व जनहित एवं कर्मचारी हित में क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए 21 अगस्त को यूनियन शिष्ट मंडल कर्मचारी समस्याओं पर रोडवेज प्रबंधन से वार्ता करेगा । कर्मचारी समस्याओं का समाधान नहीं होने की स्थिति में प्रस्तावित आन्दोलन यथावत रहेगा ।

 

वैवाहिक सीजन में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग

वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने अपर पुलिस आयुक्त को सौंपा मांग पत्र

Baba news 

आगरा। वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त श्री सचिन्द्र पटेल से मुलाकात कर वैवाहिक एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़ी विभिन्न प्रमुख समस्याओं और सुझावों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त को अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा।

पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में सक्रिय संगठन है, जिससे 7,000 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। संगठन होटल, वेडिंग वेन्यू, टेंट स्वामी, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, इवेंट प्लानर्स सहित विवाह उद्योग से जुड़े विभिन्न व्यवसायियों का प्रतिनिधित्व करता है।

एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक सीजन के दौरान फतेहाबाद रोड, पश्चिमपुरी, सिकंदरा, शाहगंज और जयपुर हाउस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा रात्रि के समय विशेष पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने वैवाहिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में आने-जाने वाले कैटरिंग, डेकोरेशन एवं अन्य सामग्री के मालवाहक वाहनों के लिए विशेष पास की व्यवस्था करने की मांग भी रखी, ताकि ड्यूटी के दौरान इन वाहनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में विवाह समारोहों में चोरी एवं आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक आयोजनों के आसपास रात्रिकालीन गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जाए, जिससे मेहमानों के वाहनों और कीमती सामान की चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

इसके साथ ही फतेहाबाद रोड सहित निर्माण कार्यों वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने वैवाहिक सीजन के दौरान वैकल्पिक मार्ग एवं समुचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, ताकि शादी समारोहों में आने वाले मेहमानों को परेशानी न हो।

वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि प्रत्येक वैवाहिक सीजन शुरू होने से पहले स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं होटल/मैरिज होम संचालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाए, जिससे सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा आयोजनों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर साझा करने और पुलिस प्रशासन की ओर से वैवाहिक सीजन के दौरान एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने का सुझाव भी दिया गया।

अपर पुलिस आयुक्त  सचिन्द्र पटेल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि एसोसिएशन द्वारा उठाई गई मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग किया जाएगा।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि आगरा देश के प्रमुख पर्यटन एवं वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है। ऐसे में वैवाहिक आयोजनों के दौरान बेहतर पुलिसिंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था से न केवल वेडिंग इंडस्ट्री को लाभ मिलेगा, बल्कि आगरा की सकारात्मक छवि भी और मजबूत होगी।

बैठक में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, उपाध्यक्ष पंकज गोयल, मोहन सैनी एवं एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

एसोसिएशन ने अपर पुलिस आयुक्त के सकारात्मक आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि मांग पत्र में उठाए गए विषयों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान

उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ, भामसं के पदाधिकारियों ने एमडी से की शिष्टाचार भेंट
बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री विवेक सिंह, आगरा के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भगौर के नेतृत्व में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक श्रीमती श्रुति आईएएस से शिष्टाचार भेंट एवं सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ, संगठन मंत्री शंकर लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र, विभाग प्रमुख चंद्रभान उपस्थित रहे।
प्रबंध निदेशक के साथ हुई इस भेंट में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान तथा संगठन एवं प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुलाकात अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई। विद्युत कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार एवं हितों की रक्षा के लिए उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ निरंतर प्रतिबद्ध है।

 

आगरा नगर निगम में नियोजित सफाई कर्मचारियों को मिल रहा सर्वाधिक वेतन  

 

कर्मचारी संगठनों ने नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया

बाबा न्यूज़ 
आगरा। नोएडा, गाजियाबाद के अलावा आगरा नगर निगम पूरे प्रदेश में एकमात्र ऐसा निकाय है। जिसमें सेवा प्रदाता द्वारा नियोजित सफाई कर्मचारियों को सर्वाधिक वेतन मिल रहा है। इसका श्रेय नगर निगम के अधिकारियों को जाता है। जिन्होंने ठेका सफाई कर्मचारियों के ई०पी०एफ०व ई० एस ०आई० का कुल वेतन का 12.75 प्रतिशत अंशदान की व्यवस्था अपने संसाधनों से की है। इसके लिये नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त द्वय अशोक प्रिय गौतम, श्रद्धा पाण्डेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅं. संजीव वर्मा, मुख्य वित्त व लेखाधिकारी बृजेश सिंह व मुख्य नगर लेखा परीक्षक निर्विकार गोयल का विशेष सहयोग है। जिसके कारण आगरा नगर निगम के सेवा प्रदाता द्वारा नियोजित सफाई कर्मचारियों को प्रदेश भर में सर्वाधिक 15007 ₹ वेतन मिला है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश सफाई कामगार संगठन और उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर यूनियन ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य और अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को पुष्प गुच्छ देकर आभार व्यक्त किया।
आभार व्यक्त करने बालों में विनोद इलाहाबादी, श्याम कुमार करुणेश,सुन्दर बाबू चंचल, हरी बाबू वाल्मीकि, रोहित लवानिया, सम्राट चौधरी, रेशम सिंह चाहर, भुल्ले नरवार, शरद थनवार,राजू डागौर, संजय शाह,मोहन गुलज़ार, मनीष चौहान, राकेश साहू, सनी चौहान, ह्रतिक इलाहाबादी,राजेश साहू, अमित चंचल विनेश नरवार अभय यदुवंशी, दीपक चौहान,बंटु भारती,आदि प्रमुख रूप से हैं।

गुरु ही कला की आत्मा, शिष्य उसकी अभिव्यक्ति

 

आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश ने “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” में कला साधना के 23 गुरुओं का किया अभिनंदन

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होटल क्लार्क शिराज में सजा सम्मान समारोह, कला, संस्कृति और गुरु-परंपरा को किया नमन

बाबा न्यूज़ 

आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को साक्षात् ब्रह्म का स्वरूप माना गया है। गुरु ही वह शक्ति हैं जो साधारण प्रतिभा को असाधारण कला में परिवर्तित करती है। इसी सनातन गुरु-परंपरा को नमन करते हुए आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश (एफिलिएटेड: वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश) द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” का भव्य आयोजन होटल क्लार्क शिराज, ताज रोड में किया गया। समारोह में संगीत, नृत्य एवं वाद्य कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 गुरुजनों का सम्मान कर उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष अग्रवाल रावी (अध्यक्ष, वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश), संदीप उपाध्याय (महासचिव) एवं अमूल्य कक्कड़ (अध्यक्ष, टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा) उपस्थित रहे। वरिष्ठ उद्यमी पूरन डावर ने भी समारोह की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में संगीत एवं गायन के क्षेत्र से डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तालेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोभी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पंडित डॉ. देवाशीष गांगुली “संगीतेश”, अमान खान एवं गजेन्द्र चौहान, वाद्य यंत्र विधा से बिरेन्द्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, देवकी नंदन गुरु एवं फ्रांसिस मरिंडा, तथा नृत्य विधा से पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी एवं ज्योति खण्डेलवाल को “गुरु शिल्पी सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया।
समारोह में “औद्योगिक गुरु सम्मान” से वरिष्ठ उद्योगपति पूरन डाबर को सम्मानित किया गया। उद्योग, उद्यमिता और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा समाज में प्रेरणास्रोत बनने के लिए उन्हें यह विशेष सम्मान मनीष कुमार अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पूरन डावर ने कहा कि “कला और उद्योग दोनों सृजन के माध्यम हैं। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को अपने गुरुजनों से सीखने और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देते हैं।”
मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “कला मनुष्य को अध्यात्म से जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है। संगीत, नृत्य और भावों की अभिव्यक्ति में ईश्वर का अनुभव होता है। ऐसे गुरुजनों का सम्मान समाज का सौभाग्य है।”
अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि “आगरा की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को समृद्ध बनाने में कलाकारों और उनके गुरुजनों का अमूल्य योगदान है। जब गुरु सम्मानित होते हैं तो पूरी कला परंपरा गौरवान्वित होती है।”
मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि “भारतीय कला एवं संस्कृति की वैश्विक पहचान इन गुरुजनों की साधना का परिणाम है। गुरु ही वह प्रथम शक्ति हैं जो शिष्य की प्रतिभा को पहचानकर उसे दिशा, संस्कार और उत्कृष्टता प्रदान करते हैं।”
कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया।
समारोह में आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रिंकू प्रवीण वर्मा, महासचिव कमलप्रीत सिंह शैंकी, उपाध्यक्ष भीमसेन शिरोमणि, पंकज वर्मा, डॉ. मंजरी शुक्ला, देव कुमार, संरक्षक दलजीत सिंह, जसवंत सिंह, संजीव अरोड़ा एवं मनोज कोहली, सचिव रोहन सिंह, अनिल वर्मा, साहिल चौहान, निधि सोनी तथा कार्यकारिणी सदस्य ललित शर्मा, योगेश शर्मा, अनूप सिंह, मनु कौर, नीरज कपूर, अपूर्व, श्रीकांत सहित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अनिल सविता एवं आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश की पूरी टीम ने किया।

अनुशासन और देश भक्ति की भावना सिखाती हैं एनसीसी: मेजर जनरल गौरव गौतम

मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम एडीजी एनसीसी निदेशालय ने किया ग्रुप मुख्यालय आगरा का दौरा
बाबा न्यूज
आगरा। एनसीसी. निदेशालय उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय आगरा का दौरा किया।
ग्रुप मुख्यालय पहुँचने पर एडीजी का गर्मजोशी से स्वागत एनसीसी ग्रुप आगरा के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसपी यादव, वाईएसएम ने किया। इसके पश्चात एडीजी का परिचय ग्रुप मुख्यालय के सभी अधिकारियों से कराया गया ।
इस अवसर पर ग्रुप कमांडर द्वारा एडीजी को एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों प्रशिक्षण एवं विभिन्न पहलुओं सामजिक सामुदायिक सेवा आदि कार्यकमों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शिविरों एवं गतिविधियों में कैडेट्स के प्रदर्शन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई ।
ब्रीफिंग के बाद एडीजी ने ग्रुप मुख्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा स्टॉफ के साथ बातचीत की । उन्होनें युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए एनसीसी परिवार द्वारा दिखाये गये समर्पण और व्यवहारिकता की सराहना की। एडीजी ने चरित्र निर्माण सामुदायिक सेवा और राष्ट्रीय एकता में एनसीसी की भूमिका पर विशेष जोर दिया।
आज चार अगस्त को 3 यूपी बटालियन एनसीसी मैनपुरी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का दौरा करेंगे एवं वहाँ वे 450 कैडेट्स से संवाद कर उन्हें संबोधित करेंगे ।
पांच अगस्त को गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर आगरा में एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करेंगे तथा एनसीसी अधिकारियों के साथ वातार्लाप करेंगे। तत्पश्चात एडीजी 1 यूपी एयर स्क्वार्डन एनसीसी का निरीक्षण करेंगे। जहाँ कमान अधिकारी कैडेट्स को दिये जा रहे डोन प्रशिक्षण के बारे में ए.डी.जी. को जानकारी देंगे। ए.डी.जी. वहाँ सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी चयनित कैडेट्स से मुलाकात करेंगे और कैडेट्स का उत्साहवर्धन करेंगे ।

शिक्षक हितों पर समझौता सहन नहीं होगा : डॉ. भोज कुमार शर्मा

पुरानी पेंशन सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों ने दिया  धरना

बाबा न्यूज 

आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, आगरा में पुरानी पेंशन बहाली एवं शिक्षकों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता आया है और आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा, समयबद्ध पदोन्नति, वित्तविहीन शिक्षकों के अधिकार और सम्मानजनक सेवा-शर्ते किसी वर्ग विशेष की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की साझा मांग हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति या सरकार के विरुद्ध नहीं, बल्कि शिक्षक हितों के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की पहली शर्त है और सरकार को इन न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

धरने में पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा सेवा अधिनियम-2023 में सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति संबंधी प्रावधानों की पुनर्स्थापना, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, एन.पी.एस. से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा का विस्तार, त्रिस्तरीय सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष किए जाने सहित 14 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। तरीय ए.सी.पी., व्यावसायिक एवं कम्प्यूटर शिक्षकों शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा दिया जाए।

कार्यक्रम के उपरांत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा रविन्द्र पाल सिंह तौमर को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिला विद्यालय निरीक्षक में समस्त शिक्षक समस्याओं का निस्तारण करने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी रानी शर्मा, जिला अध्यक्ष ने की। इस अवसर पर जसवंत सिंह, डॉ. अरुण कुमार गौतम, रामवीर सिंह, शिव ज्योति नीतू सिंह राम मूर्ति सत्येंद्र माहेश्वरी, धीरज सिंह धाकड़ ,जितेंद्र तिवारी,डॉ राघवेंद्र सिंह,सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ,डॉ निखिल जैन

सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

सभा के अंत में शिक्षकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा तथा शिक्षक समाज की आवाज को लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से निरंतर बुलंद किया जाएगा।

खेत में मिला विशाल अजगर, मंदिर में दिखा सैंड बोआ

 

वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा आगरा में दो सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू

बाबा न्यूज 

आगरा। वाइल्डलाइफ एसओएस और उत्तर प्रदेश वन विभाग ने लगभग 12 फीट लंबे अजगर और एक कॉमन सैंड बोआ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया वाइल्डलाइफ एसओएस की रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने उत्तर प्रदेश वन विभाग के सहयोग से आगरा के दो अलग-अलग स्थानों पर दो सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। लगभग 12 फीट लंबे भारतीय अजगर (Python molurus) को मिधाकुर गांव के एक खेत से रेस्क्यू किया गया, जबकि एक कॉमन सैंड बोआ (Eryx conicus) का रेस्क्यू किरावली वन क्षेत्र स्थित एक मंदिर परिसर से किया गया। दोनों सांप पूरी तरह सुरक्षित थे और उन्हें उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

भारतीय अजगर ज्वार (चरी) के घने खेत में छिपा हुआ था, जहां करीब 10 से 12 फीट ऊंची खड़ी फसल उसे छिपने के लिए पर्याप्त आड़ प्रदान कर रही थी। उत्तर प्रदेश वन विभाग से सूचना मिलने के बाद वाइल्डलाइफ एसओएस की रेस्क्यू टीम सावधानीपूर्वक खेत के भीतर पहुंची और बिना अजगर को किसी अनावश्यक तनाव में डाले उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।

एक अन्य घटना में आगरा के किरावली वन क्षेत्र स्थित एक मंदिर परिसर में एक कॉमन सैंड बोआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची, सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ दिया l

भारतीय अजगर को आईयूसीएन रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त (Near Threatened) श्रेणी में रखा गया है, और इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। जबकि कॉमन सैंड बोआ, जो एक विषहीन और ज़मीन के भीतर बिल बनाकर रहने वाला सांप है, अंधविश्वासों और अवैध पालतू वन्यजीव व्यापार की मांग के कारण भारत में सबसे अधिक अवैध रूप से तस्करी किए जाने वाले सांपों में से एक है। ये दोनों रेस्क्यू इस बात को दर्शाते हैं कि भारत के देशज सांपों के संरक्षण के लिए जन जागरूकता और समय पर की गई कार्रवाई कितनी महत्वपूर्ण है।

*वाइल्डलाइफ एसओएस के सह संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा*, “अजगर अपने आसपास के वातावरण में बहुत आसानी से छिप जाते हैं, इसलिए घने खेतों में उनका रेस्क्यू करना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। यह रेस्क्यू इस बात को भी दर्शाता है कि वन्यजीव और खेती वाले इलाके कितनी नज़दीकी से एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। हम उत्तर प्रदेश वन विभाग के त्वरित सहयोग के लिए उनके आभारी हैं, जिसकी बदौलत दोनों रेस्क्यू सुरक्षित तरीके से किए जा सके।”

*वाइल्डलाइफ़ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव, गीता शेषमणि ने कहा*, “चाहे खेत हो या मंदिर, वन्यजीव अक्सर खुद को इंसानी बस्तियों के बीच पाते हैं। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे कभी भी खुद सांपों को पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि सांप दिखाई देने पर तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दें ।”

*वाइल्डलाइफ एसओएस के संरक्षण परियोजनाओं के निदेशक, बैजूराज एम.वी. ने कहा*, “कॉमन सैंड बोआ भारत में सबसे अधिक अवैध रूप से तस्करी किए जाने वाले सांपों में से एक है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं, जहां सांप के दिखाई देने पर लोग जिम्मेदारी के साथ इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देते हैं, यह दिखाती हैं कि लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है।”

वाइल्डलाइफ एसओएस आगरा-मथुरा क्षेत्र के लिए अपनी आपातकालीन हेल्पलाइन +91 9917109666 का संचालन लगातार कर रहा है और लोगों से अपील करता है कि वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के बजाय प्रशिक्षित विशेषज्ञों को इसकी सूचना दें।