Breaking News
LDA की संपत्ति हड़पने का आरोपी गिरफ्तार:मकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर 35 लाख रुपए में बेचकर 4 साल से फरार था

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की लाखों रुपए की संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने और बेचने के मामले में क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने करीब चार साल से फरार आरोपी सचिन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और संपत्ति की बिक्री से मिली रकम में हिस्सा लेने का आरोप है। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया आजमगढ़ सदर निवासी मधवेश कुमार एलडीए में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने दिसंबर 2022 में फर्जी कागजों से जमीन बेचने का मुकदमा दर्ज कराया था। शिवानी के नाम दर्ज कराई गई संपत्ति जांच में सामने आया कि एलडीए के पोर्टल पर संपत्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए। इन दस्तावेजों में दिखाया गया कि गोमतीनगर विराज खंड स्थित 2/81 एलडीए ने साल 2000 में शिवानी रस्तोगी को आवंटित किया था। हालांकि, एलडीए की जांच में दस्तावेज फर्जी और कूटरचित पाए गए। शिवानी रस्तोगी ने इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 28 अक्टूबर 2020 को संपत्ति का खरीदकर वैष्णवी सोनी के पक्ष में दिया गया। विवेचना में सामने आया कि एलडीए के निलंबित कनिष्ठ लिपिक अजय प्रताप वर्मा ने भी संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड को फर्जी तरीके से कंप्यूटरीकृत करने में भूमिका निभाई थी। 35 लाख में आगे बेच दी गई संपत्ति पुलिस के मुताबिक, वैष्णवी सोनी ने बाद में इस संपत्ति को 35 लाख रुपए में रंजना देवी को बेच दिया। संपत्ति की बिक्री से मिली रकम वैष्णवी सोनी के बैंक खाते में पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि बेचने के बाद मिली हुई रकम के लाभांश का एक हिस्सा आरोपी सचिन सिंह के बैंक खाते में पहुंचा था। इसी आधार पर पुलिस को सचिन के शामिल होने का पता चला। होटल में बनती थी फर्जीवाड़े की योजना पुलिस के अनुसार, सचिन सिंह पहले विभूतिखंड स्थित होटल जेएमडी इन का संचालन करता था। जांच में जानकारी मिली कि होटल में ही सह-आरोपियों के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और संपत्ति हड़पने की योजना बनाई गई थी। मामले में नाम सामने आने के बाद सचिन गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। मौजूदा समय में वह ललितपुर में एक डैम का ठेका लेकर मत्स्य पालन का कारोबार कर रहा था। क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध ब्रांच ने सर्विलांस और टेक्निकल सबूतों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 1 सितंबर 2026 को जेहटा दुबग्गा निवासी सचिन सिंह (36) को गोमतीनगर विस्तार स्थित छोटा भरवारा में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में 5 आरोपियों की भूमिका सामने आई पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। एक आरोपी की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब चार साल से फरार चल रहा अंतिम वांछित आरोपी सचिन सिंह अब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया ग्रैंडपेरेंट्स डे

बाबा न्यूज
आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी का तिलक लगाकर विद्यालय के सभागार में आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया। कार्यक्रम में ग्रैंडपेरेंट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों के साथ इन खेलों में भाग लेते हुए ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने बचपन की यादों को भी ताजा किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
समारोह का सबसे भावुक एवं हृदयस्पर्शी क्षण वह रहा, जब ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने अनुभव एवं भावनाएं साझा करते हुए बच्चों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष एवं यादगार कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से उपस्थित ग्रैंडपेरेंट्स को पौधे भी भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने जहां उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया, वहीं पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। पौधे भेंट करने की यह पहल समारोह का एक विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने कहा, बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स का रिश्ता दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक है। ग्रैंडपेरेंट्स बच्चों के लिए केवल मार्गदर्शक और संरक्षक ही नहीं होते, बल्कि उनके सबसे अच्छे मित्र भी होते हैं। उनका स्नेह, अनुभव और जीवन-मूल्य बच्चों के व्यक्तित्व एवं संस्कारों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में दादा-दादी एवं नाना-नानी का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद किसी ईश्वरीय उपहार से कम नहीं है। इसी भावनात्मक रिश्ते को समर्पित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच प्रेम, सम्मान एवं आत्मीयता के बंधन को और मजबूत करना था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सेक्शन इंचार्ज अनिल कुमार सिंह, दीपिका शर्मा एवं अंजलि जॉली, एक्टिविटी इंचार्ज सुप्रीत कौर, श्री आशीष जसरोतिया, वर्षा चौहान, राहुल माहौर सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यालय प्रशासन के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गुरुकुल किड्ज अकादमी में गूंजा जय श्री कृष्ण

 

 

 

 

बाबा न्यूज
आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर चार ए में स्थित गुरुकुल किड्ज अकादमी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, उमंग एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी एवं राधा-कृष्ण के प्रेम को नृत्य, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। विद्यालय में आकर्षक कृष्ण झांकी, मटकी सजावट एवं बाल गोपाल की सुंदर प्रस्तुतियों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता जौहरी ने बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उप-प्रधानाचार्या श्रीमती राधा मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। पूरा विद्यालय परिसर जय श्री कृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों को कान्हा जी और राधा जी की वेशभूषा में तैयार करने का चलन भी इस वर्ष के समारोहों में प्रमुख है।
विद्धयार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए एकेडमी की दीप्ति शर्मा, सोनम शर्मा, रश्मि, नीलम शर्मा, तन्वी, मुस्कान, उन्नति, काजल आदि ने कार्यक्रम में अपना योगदान दिया ।

इस अवसर पर एकेडमी के मैनेजर दिलीप जौहरी, विनोद कुमार जौहरी तथा गौरव जौहरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आश्वासन दिया की वे बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने का प्रयत्न करेंगे जिससे की वे अपने जीवन में सफल बने और बताया की वे आगे भी इस तरह के कार्यकमो का आयोजन करते रहेंगे।

 

मोतीगंज के खाद्य व्यापारियों को मिला खाद्य सुरक्षा का पाठ

त्योहारों से पहले एफएसडीए अधिकारियों ने किया जागरूक
स्वच्छता और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
बाबा न्यूज
आगरा। त्योहारों की आहट के साथ बाजारों में बढ़ने वाली रौनक और खाद्य पदार्थों की मांग को देखते हुए श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने खाद्य सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण पहल की है। समिति के मोतीगंज स्थित कार्यालय पर खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य व्यापारियों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य खाद्य व्यापारियों को नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
बैठक में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से व्रत एवं उपवास में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, शुद्धता एवं सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
लाइसेंस और पंजीकरण के साथ करें खाद्य व्यापार
अधिकारियों ने सभी खाद्य व्यापारियों से अपील की कि वे नियमानुसार खाद्य लाइसेंस एवं खाद्य पंजीकरण प्राप्त कर अपना व्यापार संचालित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति व्यापारियों की महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
बैठक में व्यापार के टर्नओवर के अनुसार खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया गया।
बरसात के मौसम में स्वच्छता सबसे बड़ी प्राथमिकता
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बारिश के मौसम को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस मौसम में खाद्य पदार्थों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए उनके सुरक्षित भंडारण, उचित रख-रखाव तथा प्रतिष्ठानों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह ने व्यापारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। जागरूक व्यापारी और सतर्क उपभोक्ता मिलकर ही स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

व्यापारियों ने सराहा जागरूकता अभियान
श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि त्योहारों के समय खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के कारण व्यापारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता बैठक व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने कहा कि समिति भविष्य में भी खाद्य व्यापारियों को नियमों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
बैठक में उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, श्याम कुमार गर्ग, अखिलेश गोयल, कपिल गर्ग, संजीव अग्रवाल, पवन गोयल आदि उपस्थित रहे।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव: कान्हा के नाम की मेहंदी से रचे हाथ

 

वल्लभा बैंड के भजनों पर झूमा महालक्ष्मी मंदिर परिसर

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया रहीं मेहंदी उत्सव की मुख्य अतिथि
श्रीमहंत योगेश पुरी ने दीप प्रज्वलित कर किया म्यूजिक भजन कंसर्ट का शुभारंभ
आज निकलेगी भव्य निशान एवं पोशाक यात्रा, हजारों श्रद्धालु करेंगे सहभागिता
बाबा न्यूज
आगरा। यमुना तट स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में चल रहे 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को भक्ति, संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। संध्याकाल में आयोजित कान्हा के नाम की मेहंदी कार्यक्रम में महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह के साथ अपने हाथों पर कान्हा के नाम, मोरपंख, बांसुरी और राधा-कृष्ण की आकर्षक आकृतियां सजाईं, वहीं शाम को आयोजित म्यूजिक भजन कंसर्ट में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड की भक्ति प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं ने भक्ति और उत्सव के रंगों को अपने हाथों पर मेहंदी के रूप में उकेरा।
मेहंदी उत्सव की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता के बिना कोई भी सामाजिक, सांस्कृतिक या धार्मिक आयोजन पूर्ण नहीं हो सकता।
इसके बाद श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में आयोजित म्यूजिक भजन कंसर्ट का शुभारंभ श्री मन:कामेश्वर मठ मंदिर के श्रीमहंत योगेश पुरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर श्रीमहंत योगेश पुरी ने कहा कि भजन केवल संगीत नहीं, बल्कि मन को प्रभु से जोड़ने का माध्यम हैं। जब व्यक्ति श्रद्धा और समर्पण के साथ भगवान का नाम स्मरण करता है तो उसके भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का संचार होता है।
दीप प्रज्वलन के बाद अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वल्लभा बैंड ने म्यूजिक भजन कंसर्ट में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और शहरवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता मिल रही है।
महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में गुरुवार को प्रात: भव्य निशान यात्रा, शाम को राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक 11 किलो की विशेष पोशाक यात्रा, 4 सितंबर को भव्य श्याम दरबार एवं भजन संध्या, मां महालक्ष्मी का फूल बंगला वाटिका श्रृंगार एवं छप्पन भोग, तथा 5 सितंबर को 7000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल शाम की रसोई आयोजित की जाएगी।

ये रहे उपस्थित
पार्षद पूजा बंसल, अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, रितु अग्रवाल, आयुषी गर्ग, अंजना अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, रितु अग्रवाल, सुनीता मित्तल, आशा अग्रवाल, श्वेता बंसल, निर्मला अग्रवाल, ममता अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, गिर्राज बंसल, अजय अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, अमित मित्तल, दिलीप बंसल, ध्रुव गर्ग, गौरव वार्ष्णेय, हेमंत मोहता, करतार चंद्र शास्त्री, मनोज जैन, केएल अग्रवाल, मनीष सिंघल, मनीष गोयल, मुकेश गुप्ता, पवन जैन, राकेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सुमित बंसल, तनु गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, विष्णु गर्ग आदि उपस्थित रहे।

 

आशियाना महिला समिति ने दस प्रधानाचार्यों को आर्किटेक्ट आॅफ एक्सीलेंस से किया सम्मानित

बाबा न्यूज
आगरा। आशियाना महिला समिति की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर आगरा क्लब में महिला शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्ष डॉ. सरोज प्रशांत ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की मजबूत नींव उसके शिक्षकों के समर्पण तथा उनके द्वारा दिए गए संस्कारों पर टिकी होती है। शिक्षक हमारी जिंदगी को एक नयी दिशा प्रदान करते है। शिक्षा सही प्रकार दी जाये तो समाज से अनेक बुराइयों को आसानी से खत्म किया जा सकता है। शहर में ज्ञान का प्रकाश फैला रही प्रतिभाशाली दस प्रधानाचार्यो को आर्किटेक्ट आॅफ एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
संयोजिका डॉ. माया श्रीवास्तव व सचिव मंजू मित्तल ने कहा कि शिक्षक केवल भविष्य नहीं गढ़ते वह राष्ट्र का निर्माण करते हैं । ऐसे समाज के शिल्पकारों का सम्मान करना हमारा दायित्व है। कार्यक्रम में डॉ. शशी सिंह, रुबीना खान, डॉ सुभि दयाल, डॉ. सिम्स सहिजपाल, आभा सिंह, चारु पटेल, मोनिका सिंह, सोनिका चौहान, शालिनी अश्विनी, पूनम माहेश्वरी को समाज के शिल्पकार सम्मान से सम्मानित किया गया।
संरक्षक शारदा गुप्ता व डॉ. शशी गुप्ता ने काव्य पाठ करते हुए कहा कि जमीन से आसमान तक पहुँचाने का हुनर शिक्षक ही रखते है। मंच संचालन करते हुए मनोज बल ने सभी प्रधानाचार्यो का स्वागत कर परिचय दिया। धन्यवाद डॉ. प्रमिला चावला ने दिया। इस अवसर पर सीमा शर्मा, सरोज गारव, इन्दु जैन, दयाल प्यारी, प्रतिभा, रश्मि, अणिमा, नलिनी, राखी, शशि, आरती, रेखा, बीना आदि मौजूद रही।

नंदोत्सव में छाया आनंद, भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु

बाबा न्यूज
आगरा। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटूश्याम जी मंदिर में चल रही श्रीमद भागवत कथा मे नन्दोत्सव में गोकुल धाम जैसा माहौल उत्पन्न हो गया। श्री कृष्ण के प्राकट्य की कथा के बीच कथा स्थल भगवान कृष्ण के जय जयकारों से गूंज उठा। कथा में चौथे दिन नरसिंघ अवतार, राम जन्म व श्रीकृष्ण जन्म का भावपूर्ण संजीव वर्णन किया। नंदोत्सव में रंग-बिरंगे गुब्बारों से खाटूश्याम मंदिर मे पुष्प वर्षा के साथ ही टॉफी और चॉकलेट की बरसात हुई।

व्यासपीठ से आचार्य अश्वनी मिश्रा महाराज ने बताया कि नंदोत्सव ऐसा महान उत्सव है जो नित्य ही भगवान के प्यारे भक्त देह और गेह की सुध भुलाकर अपने ही मनमंदिर में मनाते हैं। नंदोत्सव में यशोदा ने जायो ललना, मैं जमुना पे सुन आई.., नन्द घर आनन्द भयो, जय कन्हैया लाल की… आदि भजनो पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। कथा व्यास के मुख से एक के बाद एक बधाई गीतों की धुनें प्रस्फुटित होती गयीं। कान्हा बने अभियुक्त अग्रवाल को वासुदेव अपने सिर पर टोकरी में रखकर लाये तो श्रद्धालुओ ने कान्हा के पैर छू कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय कनैह्या लाल के जयघोष से गूंज उठा। माखन मिश्री का प्रसाद भोग लगा कर भक्तों को वितरित किया गया।

बाल लीला व गोवर्धन पूजन आज
मुख्य यजमान दीपक अग्रवाल और निशि अग्रवाल ने बताया कि कथा के पांचवे दिन श्री कृष्ण बाल लीला, छप्पन भोग और गोवर्धन पूजन किया जाएगो श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन छह सितम्बर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जायेगा। इस अवसर पर रोहित अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, गोविन्द सिंघल, मनोज सिंघल, राधा अग्रवाल, मधु अग्रवाल, विमलेश सिंघल, अथर्व, पार्थी आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।