जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया ग्रैंडपेरेंट्स डे

बाबा न्यूज
आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी का तिलक लगाकर विद्यालय के सभागार में आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया। कार्यक्रम में ग्रैंडपेरेंट्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों के साथ इन खेलों में भाग लेते हुए ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने बचपन की यादों को भी ताजा किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
समारोह का सबसे भावुक एवं हृदयस्पर्शी क्षण वह रहा, जब ग्रैंडपेरेंट्स ने अपने अनुभव एवं भावनाएं साझा करते हुए बच्चों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष एवं यादगार कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से उपस्थित ग्रैंडपेरेंट्स को पौधे भी भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से विद्यालय ने जहां उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया, वहीं पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। पौधे भेंट करने की यह पहल समारोह का एक विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने कहा, बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स का रिश्ता दुनिया के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक है। ग्रैंडपेरेंट्स बच्चों के लिए केवल मार्गदर्शक और संरक्षक ही नहीं होते, बल्कि उनके सबसे अच्छे मित्र भी होते हैं। उनका स्नेह, अनुभव और जीवन-मूल्य बच्चों के व्यक्तित्व एवं संस्कारों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में दादा-दादी एवं नाना-नानी का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद किसी ईश्वरीय उपहार से कम नहीं है। इसी भावनात्मक रिश्ते को समर्पित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच प्रेम, सम्मान एवं आत्मीयता के बंधन को और मजबूत करना था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सेक्शन इंचार्ज अनिल कुमार सिंह, दीपिका शर्मा एवं अंजलि जॉली, एक्टिविटी इंचार्ज सुप्रीत कौर, श्री आशीष जसरोतिया, वर्षा चौहान, राहुल माहौर सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यालय प्रशासन के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

