मुजफ्फरनगर में जेल गेट पर भाकियू का हंगामा:कैदी से मारपीट के आरोप में धरने पर बैठे नेता
मुज़फ्फरनगर में जिला कारागार के बाहर गुरुवार दोपहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक अपने समर्थकों के साथ जेल पहुंच गए। वरिष्ठ कार्यकर्ता तेजवीर राणा (रतनपुरी) के पुत्र के साथ जेल के अंदर कथित मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों को लेकर भाकियू नेताओं ने जेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और धरने पर बैठ गए। धर्मेंद्र मलिक ने आरोप लगाया कि जिला कारागार के भीतर बंदियों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जेल के अंदर कैदियों की पिटाई और उनसे पैसे छीनने जैसी घटनाएं हो रही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और इससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पीड़ित बंदी से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही जेल में कैदियों को मिलने वाले भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए। धरने के दौरान भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और जेल में व्याप्त अनियमितताओं को दूर नहीं किया गया तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाकियू (अराजनैतिक) ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जेल प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

