Breaking News
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप भी अयोध्या पहुंचे:बोले-2027 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी,सपा की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने है

– रामनगरी अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को नेताओं और मंत्रियों का जमावड़ा लगा रहा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप भी अयोध्या पहुंचे। मीडिया से बातचीत के बाद वह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि देने के लिए बस्ती रवाना हो गए। इस दौरान नरेंद्र कश्यप ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी और 2027 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।
समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि परिवार के लोगों और पैसे वालों को मौका देने की सपा की सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने आ चुकी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी पर रामभक्तों पर गोली चलाने, भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय अयोध्या आने से बचने के आरोप लगते रहे हैं, उस पर जनता कैसे भरोसा करेगी?
नरेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह सच्चे सनातनी हैं, तो मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर निर्माण के लिए भाजपा का साथ देने की घोषणा करें। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की एकतरफा जीत होगी और सपा की स्थिति 2022 से भी खराब होगी। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर भाजपा की भारी मतों से जीत का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *